![]() |
| उमरिया में फॉरेस्ट बैरियर पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, ट्रक जब्त |
उमरिया - जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त अभियान छेड़ रखा है। कलेक्टर राखी सहाय के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने चंदिया तहसील के महानदी फॉरेस्ट बैरियर के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोयला परिवहन कर रहे एक ट्रक को जब्त किया है। खनिज विभाग की जांच टीम ने ट्रक क्रमांक एमपी 18 जेडडी 6011 को रोककर तलाशी ली, जिसमें अवैध रूप से खनिज कोयले का परिवहन किया जाना पाया गया। कार्रवाई के बाद ट्रक को जब्त कर चंदिया थाना में अभिरक्षा में रखा गया है। मामले में मध्यप्रदेश खनिज अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण निवारण नियम 2022 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में खनिज अधिकारी विद्याकांत तिवारी, सहायक खनिज अधिकारी दिवाकर चतुर्वेदी, खनि निरीक्षक प्रभात कुमार पट्टा एवं प्रभारी खनि निरीक्षक एन.एस. आर्मो शामिल रहे। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है और आने वाले दिनों में भी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन से न केवल शासन को राजस्व हानि होती है, बल्कि पर्यावरण और वन क्षेत्रों को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है।
लगातार हो रही कार्रवाइयों के बावजूद जिले में अवैध खनिज कारोबार के सक्रिय रहने से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं कि आखिर इतनी निगरानी के बाद भी यह नेटवर्क कैसे संचालित हो रहा है।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- जब जिले में लगातार जांच अभियान चल रहे हैं, तो फिर अवैध कोयला परिवहन का नेटवर्क अब तक पूरी तरह खत्म क्यों नहीं हो पाया?
- क्या प्रशासन केवल वाहन जब्त करने तक सीमित रहेगा, या इस अवैध कारोबार के पीछे जुड़े बड़े कारोबारियों और संरक्षण देने वालों की भी जांच होगी?
- महानदी फॉरेस्ट बैरियर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी के बावजूद अवैध परिवहन कैसे हो रहा था, क्या इसमें विभागीय लापरवाही की भी जांच होगी?
