महासमुंद; गांजे की पुड़िया बनाकर बसा रखा था ‘नशे का लोकल नेटवर्क’, पुलिस ने दबोचा तो खुला बड़ा खेल

महासमुंद; गांजे की पुड़िया बनाकर बसा रखा था ‘नशे का लोकल नेटवर्क’, पुलिस ने दबोचा तो खुला बड़ा खेल

महासमुंद - जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायपाली पुलिस ने एक स्थानीय ड्रग्स पेडलर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.190 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 55 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। मामले में पुलिस अब गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य स्रोत की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थ, महुआ शराब और शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 मई 2026 को थाना सरायपाली पुलिस द्वारा उमरिया मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। जांच के दौरान एक बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई।

संदेह होने पर पुलिस ने वाहन चालक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास रखी एक सफेद रंग की बोरी से 5.190 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यह गांजा एक सप्लायर से खरीदा था और स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ग्राहकों को बेचने की तैयारी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी ब्रह्मानंद पटेल (45 वर्ष) निवासी मेढ़ापाली, थाना सरायपाली को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 1 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में इंड-टू-इंड इन्वेस्टिगेशन के तहत गांजा सप्लाई करने वाले स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जांच का दायरा बढ़ाते हुए संभावित नेटवर्क और तस्करी चैन की भी पड़ताल की जा रही है। महासमुंद पुलिस के अनुसार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। जनवरी 2026 से अब तक गांजा तस्करी के 97 प्रकरणों में 6,441.861 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 32 करोड़ 10 लाख 85 हजार 450 रुपये है। इस अवधि में कुल 242 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 57 आरोपी छत्तीसगढ़ के और 185 आरोपी अन्य राज्यों के निवासी हैं।पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई की जाएगी।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. जनवरी से अब तक 6.4 टन से अधिक गांजा और 242 आरोपी गिरफ्तार होने के बावजूद जिले में लगातार गांजा पकड़ाया जा रहा है। क्या यह संकेत नहीं है कि तस्करी का नेटवर्क अभी भी सक्रिय और मजबूत है?

2. गिरफ्तार आरोपी ने गांजा सप्लायर से माल खरीदने की बात स्वीकार की है। अब तक कितने मामलों में पुलिस सप्लायर या नेटवर्क के मास्टरमाइंड तक पहुंच पाई है और कितनों पर कार्रवाई हुई है?

3. स्थानीय स्तर पर छोटी-छोटी पुड़ियों में गांजा बेचने का नेटवर्क लंबे समय से संचालित होने की आशंका है। क्या पुलिस यह जांच कर रही है कि इसके ग्राहक किन आयु वर्गों और क्षेत्रों से जुड़े हैं तथा क्या इसमें स्कूल-कॉलेज के युवाओं की संलिप्तता भी है?

Post a Comment

Previous Post Next Post