टीम इंडिया का 'मिशन लंका': अगस्त के इस हफ्ते से शुरू हो सकती है टेस्ट सीरीज; एशियन गेम्स और बैक-टू-बैक दौरों से पैक हुआ शेड्यूल

टीम इंडिया का 'मिशन लंका': अगस्त के इस हफ्ते से शुरू हो सकती है टेस्ट सीरीज; एशियन गेम्स और बैक-टू-बैक दौरों से पैक हुआ शेड्यूल

नई दिल्ली - भारतीय क्रिकेट टीम को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के मौजूदा चक्र में अपनी चौथी टेस्ट सीरीज खेलने के लिए श्रीलंका का रुख करना है। हालांकि अभी तक आधिकारिक तौर पर तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने इस हाई-प्रोफाइल सीरीज के लिए 15 अगस्त से 27 अगस्त 2026 की विंडो को चिन्हित किया है।

LPL के ठीक बाद मचेगा गदर

श्रीलंका क्रिकेट की योजना है कि भारत के खिलाफ इस दो मैचों की टेस्ट सीरीज को लंका प्रीमियर लीग (LPL 2026) के ठीक बाद आयोजित किया जाए। एलपीएल का समापन 9 अगस्त को होना है, जिसके ठीक एक हफ्ते बाद यानी 15 अगस्त से भारत-श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जा सकता है। इस संभावित विंडो की जानकारी बीसीसीआई (BCCI) को भी दे दी गई है।

T20I और बांग्लादेश दौरे पर सस्पेंस बरकार

टेस्ट सीरीज के साथ ही दोनों देशों के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज कराने पर भी बातचीत चल रही है, लेकिन व्यस्त शेड्यूल के कारण इस पर अंतिम फैसला होना बाकी है। इसके अलावा, पिछले साल टल चुका भारत का बांग्लादेश दौरा भी सितंबर 2026 में प्रस्तावित है, जिसमें तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेले जाने हैं, मगर बीसीसीआई ने इस पर भी अभी अंतिम मुहर नहीं लगाई है।

सितंबर 2026: सांस लेने की भी फुरसत नहीं!

अगर आप भारतीय टीम के अगस्त-सितंबर के कैलेंडर को देखें, तो यह किसी 'क्रिकेटिया मैराथन' से कम नहीं है:

  1. श्रीलंका दौरा: अगस्त के आखिरी हाफ में दो टेस्ट (और संभावित टी20)।

  2. अफगानिस्तान सीरीज: सितंबर में यूएई की धरती पर अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैच।

  3. जापान एशियन गेम्स: 9 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच जापान में एशियन गेम्स होने हैं, जिसमें 25 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच क्रिकेट के मुकाबले खेले जाएंगे।

  4. घरेलू सीरीज: भारत को घर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज भी खेलनी है।

  5. इंडिया ए का दौरा: सितंबर के दूसरे हिस्से में 'इंडिया ए' की टीम को दो मल्टी-डे मैचों के लिए 'ऑस्ट्रेलिया ए' से भिड़ना है।

आईपीएल के बाद नॉन-स्टॉप क्रिकेट

आईपीएल 2026 का खुमार उतरते ही भारतीय सीनियर टीम सबसे पहले अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। इसके तुरंत बाद टीम इंडिया को आयरलैंड, इंग्लैंड और जिम्बाब्वे के लंबे दौरों पर निकलना है, जहां कुल मिलाकर 13 सफेद गेंद (वनडे-टी20) के मुकाबले खेले जाने हैं। साफ है कि खिलाड़ियों के वर्कलोड को संभालना बीसीसीआई के लिए इस साल सबसे बड़ी चुनौती होने वाला है।

Post a Comment

Previous Post Next Post