| जशपुर; प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह: पंचायत में पत्नी को प्रेमी के साथ भेजा, फिर कर दी हत्या |
जशपुर - जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जाम जूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने युवक के सिर को जमीन पर पटकने के बाद पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 34 वर्षीय सुशील खलखो निवासी ग्राम जाम जूनवानी के रूप में हुई है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों में जयलाल एक्का (34 वर्ष), जयमन एक्का (36 वर्ष) तथा एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत किशोर शामिल हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। जानकारी के मुताबिक 27 मई 2026 को पत्थलगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जाम जूनवानी में एक युवक की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर सुशील खलखो मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध थे। इसी विवाद को लेकर पहले भी मामला थाने तक पहुंचा था और सुशील को जेल भी जाना पड़ा था। करीब डेढ़ माह पूर्व वह जमानत पर रिहा होकर गांव लौटा था। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि विवाद बढ़ने पर गांव में सामाजिक बैठक भी आयोजित की गई थी। बैठक में आरोपी जयलाल की पत्नी ने सुशील खलखो के साथ रहने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद उसे सुशील के साथ रहने की अनुमति दे दी गई थी। तब से दोनों एक साथ रह रहे थे। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष में लगातार नाराजगी बनी हुई थी। घटना की रात करीब 11 बजे गांव में शोर-शराबा सुनकर सरपंच की पत्नी जानकी लकड़ा घर से बाहर निकलीं। उन्होंने देखा कि जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक किशोर सुशील खलखो के साथ मारपीट कर रहे हैं। आरोपियों ने पहले उसे जमीन पर पटक दिया और फिर पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण सुशील की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। नाबालिग आरोपी को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण की आगे की विवेचना जारी है।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
1. यदि गांव की सामाजिक बैठक में महिला को उसकी इच्छा के अनुसार मृतक के साथ रहने की अनुमति दे दी गई थी, तो इसके बाद उत्पन्न तनाव की जानकारी होने के बावजूद किसी प्रकार की पुलिस निगरानी या शांति व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई?
2. मृतक और आरोपी पक्ष के बीच विवाद वर्षों पुराना था तथा मामला पहले थाने तक पहुंच चुका था। क्या पुलिस के रिकॉर्ड में यह विवाद संवेदनशील श्रेणी में था, और यदि था तो हत्या रोकने के लिए कोई निवारक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
3. हत्या की घटना प्रत्यक्षदर्शियों के सामने हुई। क्या आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत हमला किया था, और पुलिस इस मामले में हत्या की योजना, उकसावे तथा अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है?