मुंगेली; बंद पड़ी गुड़ फैक्ट्री बनी चोरों का निशाना, दोबारा चोरी करने पहुंचे तो पुलिस ने दबोच लिया

मुंगेली; बंद पड़ी गुड़ फैक्ट्री बनी चोरों का निशाना, दोबारा चोरी करने पहुंचे तो पुलिस ने दबोच लिया

मुंगेली - पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत लोरमी पुलिस ने नवलपुर स्थित महामाया गुड़ फैक्ट्री में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, घटना में प्रयुक्त वाहन तथा अन्य सामग्री सहित कुल 4 लाख 88 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम नवलपुर निवासी हेमंत कुमार कश्यप ने 26 मई 2026 को थाना लोरमी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी महामाया गुड़ फैक्ट्री, जो पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी है, उसमें रखे बिजली उपकरण, मोटर, स्टार्टर, लोहे के सामान और अन्य मशीनरी को अज्ञात चोर ताला तोड़कर चोरी कर ले गए हैं। घटना 23 और 24 मई की दरमियानी रात की बताई गई थी। उस समय परिवार दशगात्र कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

रिपोर्ट के आधार पर थाना लोरमी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर चोरों और चोरी गए सामान की तलाश शुरू की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली। जांच के दौरान 26 मई की रात पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को उसी गुड़ फैक्ट्री में दोबारा चोरी का प्रयास करते हुए पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष देवार निवासी शिवघाट लोरमी बताया। पुलिस की पूछताछ में मनीष ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

मनीष की निशानदेही पर पुलिस ने कन्हैया उर्फ बोदकू देवार को हिरासत में लिया। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि चोरी का सामान स्थानीय कबाड़ी संचालकों को बेचा गया था। इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी संचालक शंकर देवार और असगर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान, एक एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल, एक लूना तथा चोरी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन बरामद किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 4 लाख 88 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश अभी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वैष्णव सहित लोरमी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या नजदीकी पुलिस थाने को दें।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. पुलिस ने आरोपियों को दोबारा चोरी करने के प्रयास के दौरान पकड़ा। क्या इसका मतलब है कि पहली चोरी के बाद भी फैक्ट्री और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त निगरानी नहीं थी?

2. चोरी का सामान कबाड़ी संचालकों तक पहुंच गया। जिले में कबाड़ कारोबार की निगरानी के लिए क्या कोई नियमित सत्यापन या रिकॉर्ड जांच व्यवस्था मौजूद है, और यदि है तो यह मामला उसकी नजर से कैसे बच गया?

3. पुलिस ने 66 हजार रुपये मूल्य के चोरी गए सामान की रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन कुल 4.88 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया। क्या बरामद वाहनों का उपयोग केवल इस वारदात में हुआ था या पुलिस इनके अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े होने की भी जांच कर रही है?

Post a Comment

Previous Post Next Post