जांजगीर; कोयले की खेप में बड़ा खेल: ट्रेलर से उतारा अच्छा कोयला, भर दिया घटिया माल

जांजगीर; कोयले की खेप में बड़ा खेल: ट्रेलर से उतारा अच्छा कोयला, भर दिया घटिया माल

जांजगीर-चांपा - प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड (पीआईएल) चांपा के लिए भेजे जा रहे कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने के मामले का चांपा पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए तीन ट्रक चालकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन ट्रेलरों सहित करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया है। मामले में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार पीआईएल चांपा के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि सूरजपुर जिले के भास्करपारा कोल माइंस से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से तीन ट्रेलरों में कोयला प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड भेजा गया था। तीनों वाहन 25 मई को कोयला लेकर रवाना हुए और 27 मई को चांपा पहुंचे।

जब कोयले को प्लांट के आरएमएच विभाग में खाली कराया गया तो उसकी गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। जांच में कोयले में मिलावट होने की आशंका सामने आई, जिसके बाद सुरक्षा विभाग ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर ट्रेलर चालकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रास्ते में अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में वाहनों से उच्च गुणवत्ता वाला कोयला उतार दिया था और उसकी जगह निम्न गुणवत्ता का कोयला भरकर प्लांट तक पहुंचाया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

थाना चांपा में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(3) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की गई। आरोपियों के मेमोरेंडम कथन और निशानदेही के आधार पर पुलिस टीम ने गणेश कोल डिपो अमझर पहुंचकर कार्रवाई की। वहां से बदला गया लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला बरामद किया गया। साथ ही इस पूरे मामले में प्रयुक्त तीन ट्रेलरों को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के गढ़वा निवासी शेख सरफरोज (35 वर्ष), अजमत अंसारी (32 वर्ष) तथा उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी रामचन्द्र (30 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय तथा थाना चांपा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. ड्राइवरों ने अमझर स्थित कोल डिपो में उच्च गुणवत्ता का कोयला उतारकर घटिया कोयला भरा। क्या इस पूरे मामले में केवल ड्राइवर शामिल थे या कोल डिपो संचालक और अन्य कारोबारी भी इस नेटवर्क का हिस्सा हैं?

2. कोयले की गुणवत्ता में इतना बड़ा अंतर होने के बावजूद परिवहन के दौरान कोई निगरानी या ट्रैकिंग सिस्टम इस हेराफेरी को पकड़ क्यों नहीं सका?

3. जब 115 टन से अधिक कोयले की अदला-बदली हुई, तो इससे उद्योग को कितना आर्थिक नुकसान हुआ और क्या पुलिस इस मामले में आर्थिक अपराध या संगठित गिरोह के एंगल से भी जांच कर रही है?

Post a Comment

Previous Post Next Post