![]() |
| सिंगरौली; कलेक्ट्रेट से विदा हुए दशरथ सिंह, नम आंखों से दी गई भावभीनी विदाई |
सिंगरौली - कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सहकारिता विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले भृत्य श्री दशरथ सिंह को बुधवार को भावुक माहौल में विदाई दी गई। अपनी लंबी और सराहनीय शासकीय सेवा पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हुए श्री दशरथ सिंह के सम्मान में विभागीय कार्यालय में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके सेवाकाल को याद करते हुए भावभीनी विदाई दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त सहकारिता श्री पी.के. मिश्रा रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शासकीय सेवा में पद छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि व्यक्ति की निष्ठा, ईमानदारी और कार्य के प्रति समर्पण ही उसकी पहचान बनाते हैं। उन्होंने कहा कि श्री दशरथ सिंह ने अपने पूरे सेवाकाल में अनुशासन, शालीनता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया और विभाग के लिए एक आदर्श कर्मचारी की भूमिका निभाई।
उपायुक्त श्री मिश्रा ने कहा कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में आने वाले नागरिकों और विभागीय कर्मचारियों के प्रति श्री सिंह का व्यवहार हमेशा सहयोगात्मक और सकारात्मक रहा। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली और कर्तव्यपरायणता अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगी। विदाई समारोह के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्री दशरथ सिंह के साथ बिताए वर्षों की यादें साझा कीं। सहकर्मियों ने कहा कि उन्होंने हमेशा विभागीय कार्यों में तत्परता दिखाई और हर परिस्थिति में जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
समारोह में विभागीय परंपरा के अनुसार उपायुक्त श्री पी.के. मिश्रा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा श्री दशरथ सिंह को शॉल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने पुष्पहार पहनाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्त जीवन की कामना की। अपने विदाई संबोधन में श्री दशरथ सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने सभी अधिकारियों, सहकर्मियों और विभागीय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सहकारिता विभाग से उन्हें हमेशा सम्मान, सहयोग और स्नेह मिला, जिसे वे जीवनभर नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अपने दायित्वों का निर्वहन करना उनके लिए गर्व की बात रही। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के अधिकारी, कलेक्ट्रेट कर्मचारी और श्री दशरथ सिंह के परिजन भी उपस्थित रहे।
