बिलासपुर; सुशासन तिहार बना ग्रामीणों की उम्मीद, राशन कार्ड से लेकर स्वास्थ्य जांच तक मिली राहत

बिलासपुर; सुशासन तिहार बना ग्रामीणों की उम्मीद, राशन कार्ड से लेकर स्वास्थ्य जांच तक मिली राहत

बिलासपुर - सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनपद पंचायत कोटा के ग्राम पंचायत रानीगांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ वितरण का कार्य किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 242 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 62 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। शिविर को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। इससे समाज के सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है और सरकार की योजनाओं का फायदा सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।

बेलतरा विधायक प्रतिनिधि उमेश गौरहा ने कहा कि सुशासन तिहार की वजह से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। शासन की यह पहल लोगों को उनके गांव में ही राहत प्रदान कर रही है। वहीं जगेंद्र कश्यप ने इसे शासन और जनता के बीच विश्वास तथा पारदर्शिता को मजबूत करने वाला अभियान बताया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। खाद्य विभाग की ओर से 10 लोगों को राशन कार्ड संबंधी लाभ दिया गया। परिवहन विभाग द्वारा 27 हितग्राहियों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 35 महिलाओं का ई-केवाईसी किया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 90 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा 150 ग्रामीणों के रक्तचाप और शुगर की जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक लिया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने गांव स्तर पर आयोजित इस शिविर और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम में सीईओ जनपद पंचायत युवराज सिन्हा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. शिविर में 242 आवेदन प्राप्त हुए लेकिन केवल 62 मामलों का ही मौके पर समाधान हो सका। शेष 180 आवेदनों के निराकरण के लिए क्या समय-सीमा तय की गई है?

2. सुशासन तिहार के तहत हर शिविर में बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आ रही हैं। क्या यह संकेत नहीं है कि नियमित प्रशासनिक व्यवस्था में लोगों की समस्याएं समय पर हल नहीं हो पा रही हैं?

3. शिविरों में योजनाओं का लाभ वितरण तो किया जा रहा है, लेकिन पिछले वर्षों में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों के स्थायी समाधान की समीक्षा किस स्तर पर की जा रही है और उसका सार्वजनिक आंकड़ा क्या है?

Post a Comment

Previous Post Next Post