निवाड़ी; केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने किया केंद्रीय विद्यालय भवन, रेलवे स्टेशन ,रेलवे ओवर ब्रिज का किया निरीक्षण

निवाड़ी; केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने किया केंद्रीय विद्यालय भवन, रेलवे स्टेशन ,रेलवे ओवर ब्रिज का किया निरीक्षण

निवाड़ी - जिला मुख्यालय पर केंद्रीय विद्यालय शुरू कराने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। दिल्ली मंत्रालय में दूरभाष पर चर्चा के बाद केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि परिवर्तन, हाई वोल्टेज लाइन हटाने एवं आरक्षित भूमि तक पहुंच मार्ग बनाए जाने को लेकर जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही केंद्रीय विद्यालय के लिए तैयार किए गए अस्थायी भवन का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण भी किया। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री ने रेलवे ओवर ब्रिज को शीघ्र पूरा कराने के लिए पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर राकेश सिंह से भी दूरभाष पर चर्चा की ।  भीषण गर्मी के बावजूद उन्होंने जिले की अधिक से अधिक समस्याओं को  निराकरण करने का प्रयास किया। उन्होंने निवाड़ी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया जिस जिले की यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सके जिसके लिए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री ने भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच नगर के टैक्सी स्टैंड स्थित पुराने कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल भवन का निरीक्षण किया। इसी भवन में केंद्रीय विद्यालय संचालित किए जाने की तैयारी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान उनके साथ विधायक अनिल जैन, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, रोहन मनी जैन, संदेश नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री ने भवन का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पीडब्ल्यूडी एसडीओ सचिंद्र चौरसिया को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने भवन में मौजूद कमियों को शीघ्र दूर कराने, लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी जुलाई माह से केंद्रीय विद्यालय का संचालन जिला मुख्यालय पर प्रारंभ किया जा सके।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली स्थित मंत्रालय में दूरभाष के माध्यम से केंद्रीय विद्यालय संचालन को लेकर चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। केंद्रीय विद्यालय शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होने की उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलने के बावजूद पिछले दो वर्षों से इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। इसके चलते जिले में पदस्थ अधिकारी एवं कर्मचारी अपने बच्चों की पढ़ाई के कारण जिला मुख्यालय पर नहीं रुक पा रहे हैं। केंद्रीय विद्यालय शुरू होने के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों के जिला मुख्यालय पर रुकने की संभावना बढ़ेगी, जिससे जिलेवासियों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।

बिना फॉलो गार्ड पहुंचे केंद्रीय मंत्री, दिया ईंधन बचाने का संदेश

केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार बिना फॉलो गार्ड और गाड़ियों के काफिले के जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने अकेली गाड़ी से भ्रमण कर ईंधन बचाने का संदेश दिया। उनके साथ किसी प्रकार का बड़ा काफिला दिखाई नहीं दिया, जिसकी लोगों ने सराहना की।

जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक

जिला मुख्यालय पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री ने विधायक अनिल जैन एवं भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पटेरिया के साथ कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े एवं पुलिस अधीक्षक राय सिंह नरवरिया की उपस्थिति में जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि नगर के छोटे-बड़े तालाब का संरक्षण किया जाना अत्यंत आवश्यक बताया। इसके लिए उन्होंने नगर परिषद, मछुआ समिति, वार्ड जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सहयोग से तालाबों की जलकुंभी एवं गंदगी हटाकर संरक्षण कार्य किए जाएं, ताकि मछुआरों सहित नगरवासियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान का कार्य धरातल पर दिखाई देना चाहिए।

45 डिग्री तापमान में केंद्रीय मंत्री ने किया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण

केंद्रीय मंत्री ने भीषण गर्मी और लगभग 45 डिग्री तापमान के बीच रेलवे स्टेशन निवाड़ी का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए फुट ओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय, पीने के पानी एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था न होने पर डीआरएम झांसी से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन निवाड़ी को सर्वसुविधायुक्त बनाया जाए, ताकि यात्रियों को भीषण गर्मी में बैठने के लिए छाया एवं पीने के पानी की समुचित व्यवस्था मिल सके। इसके अलावा यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, दूसरा फुट ओवर ब्रिज, स्टेशन के सामने पार्क एवं कमर्शियल स्टाफ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कमर्शियल स्टाफ उपलब्ध होने से यात्रियों को रिजर्वेशन एवं सामान्य टिकट लेने में सुविधा होगी।

केंद्रीय मंत्री ने स्टेशन के पुराने भवन के रखरखाव पर भी जोर दिया। साथ ही पूर्व में बनाए गए गुणवत्ताहीन प्लेटफॉर्म एवं फुट ओवर ब्रिज को शीघ्र सुधारने के निर्देश डीआरएम झांसी को दिए। रेलवे स्टेशन पर बनाए गए नवीन भवन के स्ट्रक्चर को लेकर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि शासन के पैसे का दुरुपयोग नहीं होना चाहिए और यात्रियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके साथी धीमी गति से चल रहे रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण को गति देने के लिए उन्होंने पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर राकेश सिंह से चर्चा की और कहा कि रेलवे ओवर ब्रिज को गलत तरीके से बनाया जा रहा है इसके लिए थर्ड लेग का निर्माण भी शीघ्र शुरू कराया जाना चाहिए और सर्विस रोड का भी शीघ्र सुधार कराया जाए जिससे जिले वासियों को  आवागमन में कोई समस्या ना रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post