![]() |
| किसानों के लिए वाटर कूलर बढ़ाने और नई सड़क के दिए निर्देश |
दतिया - जिले में चल रहे गेहूं उपार्जन और मंडी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए कलेक्टर श्री स्वप्निल वानखड़े निरंतर मैदानी दौरों पर हैं। इसी क्रम में गुरुवार को उन्होंने इंदरगढ़ पहुंचकर स्थानीय मंडी और विभिन्न उपार्जन केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने न केवल व्यवस्थाएं देखीं, बल्कि किसानों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए बड़े प्रस्तावों की भी घोषणा की।
मंडी में सुविधाओं का विस्तार और ट्रैफिक से मुक्ति
निक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वानखड़े ने किसानों से सीधा संवाद किया और उनसे मंडी की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने अधिकारियों को मंडी परिसर में वाटर कूलर की संख्या तुरंत बढ़ाने के निर्देश दिए। मंडी में लगने वाले जाम और ट्रैफिक की समस्या को हल करने के लिए कलेक्टर ने बताया कि धर्मकांटें को शिफ्ट करने और एक नई सड़क निर्माण के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजे गए हैं। नई सड़क बनने से मंडी में प्रवेश के लिए अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे और किसानों का कीमती समय बचेगा।
उपार्जन केंद्रों पर सतर्कता के निर्देश
उपार्जन केंद्रों पर कलेक्टर ने उपज की तुलाई प्रक्रिया और रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को छांव और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी न आए। साथ ही, आगामी दिनों में वर्षा की संभावना को देखते हुए उन्होंने उपज को भीगने से बचाने के लिए प्रारंभिक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
गौ-सेवा की सराहना और भूमि आवंटन
निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर दाल मिल रोड स्थित राधारानी उपचार गौशाला पहुंचे। यहाँ उन्होंने स्वयंसेवकों द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना की। कलेक्टर ने इस पुनीत कार्य को बढ़ावा देने के लिए गौशाला के उपयोग हेतु आवश्यक भूमि आवंटन की अनुमति प्रदान की और प्रबंधकों को प्रोत्साहित किया। इस दौरे के दौरान जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्हें कलेक्टर ने सभी विकास कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
