मंदसौर; किसानों ने खुद खोली बंद राहें! चंदा जुटाकर अतिक्रमण हटाया, प्रशासन भी हुआ हैरान Aajtak24 News

मंदसौर; किसानों ने खुद खोली बंद राहें! चंदा जुटाकर अतिक्रमण हटाया, प्रशासन भी हुआ हैरान Aajtak24 News

मंदसौर - जिले में प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा “राहगीर अभियान” अब जनभागीदारी का बड़ा उदाहरण बनता जा रहा है। यहां किसानों ने केवल प्रशासन का इंतजार नहीं किया, बल्कि खुद आगे आकर रास्तों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चंदा इकट्ठा किया और कच्चे रास्तों को सुगम बनाने का काम शुरू कर दिया। गरोठ एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि कलेक्टर अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में चल रहे राहगीर अभियान के तहत ग्राम बनी में किसानों ने जनसहयोग से खेतों तक जाने वाले रास्तों को व्यवस्थित करने की पहल की।

ग्राम बनी से बापच्या और ग्राम बनी से अजयपुर सीमा तक जाने वाले रास्तों के लिए किसानों ने 1 लाख 25 हजार रुपये की राशि जनसहयोग से एकत्रित की। इस राशि से रास्तों की झाड़ियां हटाई गईं, समतलीकरण कराया गया और मुरम डालकर रास्तों को आवागमन योग्य बनाया गया। एसडीएम राहुल चौहान ने मौके पर पहुंचकर अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया और किसानों से चर्चा की। उन्होंने नायब तहसीलदार भीमसिंह खराड़ी को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को इस अभियान से जोड़ा जाए और शेष रास्तों को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।

इधर भानपुरा तहसील के गांव कुकड़ेश्वर में तहसीलदार विनोद शर्मा ने किसानों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी दी और मौके पर जाकर रास्तों से अतिक्रमण हटवाया। वहीं ग्राम आंकी में भी किसानों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी गई। प्रशासन का कहना है कि यदि किसान इसी तरह सहयोग करते रहे तो खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते बारहमासी और सुरक्षित बनाए जा सकेंगे, जिससे बरसात के मौसम में भी किसानों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

  1. जब रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराना प्रशासन और राजस्व विभाग की जिम्मेदारी है, तो इसके लिए किसानों से चंदा क्यों लिया गया?
  2. क्या जिले में ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ पहले कभी नियमित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण किसानों को खुद पैसा जुटाकर रास्ते बनवाने पड़े?
  3. राहगीर अभियान में हटाए गए अतिक्रमण दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन ने क्या स्थायी कानूनी और निगरानी व्यवस्था बनाई है?

Post a Comment

Previous Post Next Post