![]() |
| आलीराजपुर; प्रभारी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा Aajtak24 News |
आलीराजपुर - लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके ने शनिवार को आलीराजपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीआईयू, जनजातीय कार्य विभाग, राजस्व विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी श्री मेढ़ा को निर्देश दिए कि एकल नल-जल योजनाओं के पूर्ण कार्यों को शीघ्र पंचायतों को हैंडओवर किया जाए। साथ ही जहां नवीन हैंडपंप खनन की आवश्यकता हो, वहां कलेक्टर की स्वीकृति के बाद जांच प्रक्रिया पूरी कर ही खनन कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में नल-जल योजना का कार्य पूरा हो चुका है, वहां शीघ्र पेयजल आपूर्ति शुरू की जाए।
गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर
प्रभारी मंत्री सम्पतिया उइके ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने जल निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नल-जल परियोजनाएं वर्ष 2028 से पहले पूर्ण की जाएं। जहां इंटेकवॉल निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए।
छात्रावासों में बेहतर व्यवस्थाओं के निर्देश
बैठक में अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। छात्रावास व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने कहा कि जो अधीक्षक एक ही स्थान पर तीन वर्ष से अधिक समय से पदस्थ हैं, उनका स्थानांतरण किया जाए। उन्होंने ऐसे अधीक्षकों को प्राथमिकता देने की बात कही जो छात्रावास के बच्चों को अपने बच्चों की तरह समझकर उनकी पढ़ाई और अन्य जरूरतों का ध्यान रखें।
वन अधिकार पट्टों और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी चर्चा
प्रभारी मंत्री ने पंचायत स्तर पर अभियान चलाकर वन अधिकार पट्टों की पुनः समीक्षा करने के निर्देश दिए। वहीं बखतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो डॉक्टरों की नियमित ड्यूटी सुनिश्चित करने के लिए सीएमएचओ को निर्देशित किया।
शिक्षा क्षेत्र में जिले की उपलब्धि पर जताई खुशी
जिले के हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्रदेश की परीक्षा परिणाम सूची में टॉप-5 में स्थान बनाने पर प्रभारी मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम इसी तरह रोशन करते रहने की बात कही। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर, जिला शिक्षा अधिकारी एवं समस्त शिक्षा विभाग के अमले को बधाई दी। कार्यक्रम के अंत में स्व सहायता समूह द्वारा हस्त निर्मित साड़ी प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके को कलेक्टर श्रीमती माथुर भेंट की गई। बैठक में सांसद श्रीमती अनीता चौहान, कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर,जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती संघमित्रा गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल, संयुक्त कलेक्टर श्री मनोज गरवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
