| दंतेवाड़ा; मुर्गा बाजार में बैग से बिक रही थी शराब! गीदम पुलिस ने दबिश देकर आरोपी दबोचा Aajtak24 News |
दंतेवाड़ा - दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गीदम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मुर्गा बाजार के पास बैग में शराब रखकर अवैध बिक्री कर रहा था। दन्तेवाड़ा जिले में अपराध नियंत्रण और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन, एसडीओपी बारसूर गोविंद दीवान और थाना प्रभारी गीदम निरीक्षक अमित बेरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गीदम स्थित मुर्गा बाजार के पास एक व्यक्ति बैग में अंग्रेजी शराब और बीयर रखकर बेच रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कन्हैया लाल यादव बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से काले रंग के बैग में रखी 35 नग ग्रैंड कोलम्बिया स्पेशल व्हिस्की (180 एमएल) और 10 नग कांगरो 10000 स्ट्रांग बीयर (650 एमएल) बरामद की गई। साथ ही 620 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 6 हजार 200 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, हुंगा राम कडती, आरक्षक देवचरण मरकाम, देवेन्द्र नेताम और हरिराम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- गीदम जैसे छोटे क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब बिक्री हो रही थी, तो क्या स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग को पहले इसकी जानकारी नहीं थी?
- सिर्फ एक आरोपी की गिरफ्तारी से क्या यह माना जाए कि अवैध शराब नेटवर्क खत्म हो गया, या इसके पीछे बड़े सप्लायर और संगठित गिरोह भी सक्रिय हैं?
- जब जिले में लगातार अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने का दावा किया जा रहा है, तो फिर बाजारों और ग्रामीण इलाकों में यह कारोबार बार-बार कैसे पनप रहा है?