| सक्ती; थाली से दवा तक सख्ती: सक्ती में छापा अभियान से मचा हड़कंप, कई प्रतिष्ठानों को नोटिस Aajtak24 News |
सक्ती - छत्तीसगढ़ में “सही दवा–शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत चल रहे 15 दिवसीय विशेष सघन जांच अभियान के दौरान सक्ती में प्रशासन की टीम ने खाद्य और औषधि प्रतिष्ठानों पर सख्ती दिखाई।कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन और अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा के नेतृत्व में खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के कई रेस्टोरेंट और भोजनालयों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान मारवाड़ी भोजनालय, जोरको कैफे, अभिलाषा रेस्टोरेंट, साजन होटल और होटल हिमालय में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही शहर की बेकरीयों—नटराज बेकरी, संगीता स्वीट्स एंड बेकरी और टेस्टी टेल्स—को पानी की जांच रिपोर्ट, मेडिकल फिटनेस और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
अभियान के दूसरे चरण में औषधि विभाग की टीम ने जिला कोल्ड चेन स्टोर और बाराद्वार अस्पताल के वैक्सीन सेंटर का निरीक्षण कर वैक्सीन के रख-रखाव, रिकॉर्ड और साफ-सफाई की जांच की। साथ ही पावर बैकअप व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 11 मई तक चलने वाले इस अभियान में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- अगर कई बेकरी और भोजनालयों के पास जरूरी प्रमाणपत्र नहीं थे, तो अब तक प्रशासन की निगरानी व्यवस्था कहां कमजोर रही?
- क्या इस अभियान के बाद भी नियमित रूप से ऐसी जांच जारी रहेगी या यह सिर्फ औपचारिक कार्रवाई बनकर रह जाएगी?
- वैक्सीन सेंटरों में पावर बैकअप और रख-रखाव पर अब निर्देश दिए जा रहे हैं—क्या पहले से इसमें कोई गंभीर कमी थी जिसे नजरअंदाज किया गया?