कांकेर; सुशासन तिहार में खुली जनता की फाइलें… पानी, राशन और ट्रांसफार्मर तक पहुंचे शिकायतों के ढेर Aajtak24 News

कांकेर; सुशासन तिहार में खुली जनता की फाइलें… पानी, राशन और ट्रांसफार्मर तक पहुंचे शिकायतों के ढेर Aajtak24 News

कांकेर - उत्तर बस्तर कांकेर में “सुशासन तिहार 2026” के तहत नगर पालिका परिषद कांकेर द्वारा उदय नगर वार्ड स्थित सांस्कृतिक भवन में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में शहर के अलबेलापारा, उदय नगर, शिवनगर और माहुरबंदपारा वार्ड के नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद कांकेर के अध्यक्ष अरुण कौशिक ने किया। शिविर में राजस्व, विद्युत, खाद्य, समाज कल्याण, स्वास्थ्य और नगर पालिका विभाग के अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं और योजनाओं की जानकारी भी दी।

शिविर के दौरान नामांतरण और सीमांकन के लंबित मामले, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, खराब हैंडपंप, पाइपलाइन विस्तार, ट्रांसफार्मर खराब होने, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और उज्ज्वला योजना से जुड़े मामलों पर आवेदन लिए गए। प्रशासन के अनुसार शिविर में कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, पार्षद उगेश्वरी उईके, चन्द्रलोक सिंह ठाकुर, शकुंतला जैन, दीपक शोरी और मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन मेरिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

13 मई से फिर लगेंगे शिविर

नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि सुशासन तिहार के तहत 13 मई से 4 जून तक शहर के अलग-अलग वार्डों में शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आम जनता की शिकायतों और समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

कार्यक्रम के लिए भोजराज सिन्हा को नोडल अधिकारी और पूजा सार्वा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

  1. सुशासन तिहार में जिन समस्याओं के आवेदन लिए जा रहे हैं, क्या ये वही समस्याएं नहीं हैं जिनका समाधान विभागों को पहले ही नियमित रूप से करना चाहिए था?
  2. 38 आवेदन प्राप्त हुए, लेकिन क्या प्रशासन इनके निराकरण की समयसीमा सार्वजनिक करेगा ताकि जनता जवाब मांग सके?
  3. हर शिविर में पानी, ट्रांसफार्मर, राशन और प्रमाण पत्र जैसी बुनियादी समस्याएं सामने आ रही हैं— क्या यह स्थानीय प्रशासन की नियमित व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाता?

Post a Comment

Previous Post Next Post