![]() |
| इन्दौर; सुपर कॉरिडोर से छावनी तक शराब का खेल! इंदौर में आबकारी विभाग ने पकड़ी अवैध सप्लाई Aajtak24 News |
इन्दौर - इन्दौर में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बुधवार को दो बड़ी कार्रवाइयां करते हुए अवैध मदिरा और दो दोपहिया वाहन जब्त किए। कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। पहली कार्रवाई सुपर कॉरिडोर गांधीनगर क्षेत्र में की गई, जहां आबकारी टीम ने गश्त के दौरान एक लाल रंग की एक्टिवा को संदेह के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 125 क्वार्टर देसी प्लेन और मसाला शराब बरामद हुई। अधिकारियों के अनुसार कुल 22.5 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत वाहन सहित करीब 65 हजार रुपये बताई गई है।
मौके से आरोपी करण को गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) ‘क’ के तहत मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई में आबकारी विभाग की टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही। दूसरी कार्रवाई मालवा मिल और छावनी क्षेत्र में की गई, जहां एक होंडा एक्टिवा से 12 बोतल विदेशी व्हिस्की बरामद की गई। कुल 9 बल्क लीटर शराब जब्त होने की जानकारी सामने आई है। जब्त शराब और वाहन की कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन और शराब को जब्त कर लिया गया।
आबकारी विभाग का कहना है कि शहर में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि जब शहर में लगातार अवैध शराब पकड़ी जा रही है, तो इसके बड़े सप्लाई नेटवर्क और मुख्य तस्करों तक कार्रवाई आखिर कब पहुंचेगी।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- अगर लगातार अवैध शराब पकड़ी जा रही है, तो क्या यह नहीं दर्शाता कि शहर में शराब तस्करी का नेटवर्क प्रशासन की निगरानी से कहीं बड़ा है?
- इन मामलों में केवल वाहन चालकों की गिरफ्तारी हो रही है, लेकिन शराब सप्लाई करने वाले मुख्य सरगनाओं तक कार्रवाई क्यों नहीं पहुंच पा रही?
- क्या आबकारी विभाग यह सार्वजनिक करेगा कि पिछले एक वर्ष में पकड़ी गई अवैध शराब के मामलों में कितनों को सजा हुई और कितने मामले अब भी लंबित हैं?
