सूरजपुर में अपराध समीक्षा बैठक: डीआईजी/एसएसपी के सख्त निर्देश Aajtak24 News

अवैध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई और पारदर्शी पुलिसिंग पर जोर

सूरजपुर - जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में गुरुवार को अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने की, जिसमें जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में डीआईजी/एसएसपी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि पुलिसिंग में जवाबदेही और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने अवैध गतिविधियों—जैसे शराब, गांजा और नशीले इंजेक्शन—की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान मामलों के निराकरण में धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि आरोपियों की गंभीरता से तलाश कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और सभी मामलों का विधिसम्मत एवं समयबद्ध निराकरण किया जाए। साइबर अपराधों को लेकर भी बैठक में विशेष चर्चा की गई। डीआईजी/एसएसपी ने साइबर और ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र राहत मिल सके और अपराधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके। इसके साथ ही आम जनता को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। हिट एंड रन मामलों में पीड़ितों और उनके परिवारों को समय पर सहायता दिलाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर राहत प्रकरण तैयार कर संबंधित विभाग को भेजे जाएं, ताकि पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता मिल सके।

बैठक में यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जाए और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएं। इसके अलावा थाना-चौकी में जप्त माल के निराकरण को प्राथमिकता देने, आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा सीसीटीएनएस प्रणाली में एफआईआर सहित सभी आवश्यक प्रविष्टियों को समय पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनने और आधुनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में एसडीओपी ओड़गी राजेश जोशी, एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी अनूप एक्का, डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से जिले में प्रभावी, जवाबदेह और जनहितकारी पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया गया।



Post a Comment

Previous Post Next Post