| सूरजपुर; जमीन के टुकड़े ने छीना भाई का जीवन: हिस्से के विवाद में बड़े भाई ने कर दी हत्या Aajtak24 News |
सूरजपुर - जमीन के हिस्से को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद आखिरकार हत्या तक पहुंच गया। सूरजपुर जिले के चन्द्रमेढ़ा गांव में छोटे भाई की पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम चन्द्रमेढ़ा निवासी कलेश्वर टोप्पो ने चौकी चेन्द्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अप्रैल 2026 को उसके बड़े पिता धरमदेव टोप्पो और उनकी पत्नी सुषमा ने जमीन बंटवारे के विवाद में महेंद्र टोप्पो पर ईंट से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामले में पुलिस ने पहले मारपीट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था। घायल महेंद्र टोप्पो का इलाज पहले भैयाथान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर जिला अस्पताल सूरजपुर और बाद में अंबिकापुर के संकल्प अस्पताल में कराया गया। लंबे इलाज के बावजूद हालत में सुधार नहीं हुआ और 8 मई की सुबह घर पर ही उसकी मौत हो गई। मृत्यु की सूचना मिलने पर चौकी चेन्द्रा पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह हत्यात्मक पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी धरमदेव टोप्पो और उसकी पत्नी सुषमा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ईंट भी बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी केश्वर मरावी सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- मारपीट की घटना 17 अप्रैल को हुई थी, लेकिन हत्या की धाराएं मौत के बाद जोड़ी गईं। क्या शुरुआती जांच में पुलिस ने मामले की गंभीरता को कम आंक लिया था?
- यदि आरोपियों और पीड़ित के बीच जमीन विवाद पहले से चल रहा था, तो क्या गांव स्तर पर कोई शिकायत या समझौता प्रयास पहले हुए थे? प्रशासन क्यों विफल रहा?
- इलाज के दौरान पीड़ित की हालत लगातार गंभीर थी, फिर भी आरोपियों की गिरफ्तारी मौत के बाद ही क्यों हुई? क्या पुलिस कार्रवाई में देरी हुई?