| बिलासपुर; ढाबे के बाहर ‘गुंडा टैक्स’ वसूल रहा था युवक, पैसे नहीं दिए तो फोड़ दिया ट्रक का शीशा Aajtak24 News |
बिलासपुर - बिल्हा थाना क्षेत्र में ढाबे के बाहर वाहन खड़ा करने के नाम पर अवैध वसूली और मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, हिर्री थाना क्षेत्र के बिल्हा मोड़ निवासी सनोज कुमार यादव ने थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 9 मई 2026 को मुढीपार टोल प्लाजा के पास आरोपी मिथलेश गेंदले ढाबे के बाहर वाहन खड़ा करने के एवज में अवैध रूप से पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने चालक और हेल्पर के साथ मारपीट की तथा वाहन के सामने का शीशा तोड़ दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टंडन के मार्गदर्शन में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी मिथलेश गेंदले, निवासी मुढीपार को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- मुढीपार टोल और ढाबों के आसपास क्या पहले भी ‘पार्किंग वसूली’ जैसी शिकायतें मिलती रही हैं? अगर हां, तो कार्रवाई पहले क्यों नहीं हुई?
- क्या आरोपी अकेले अवैध वसूली कर रहा था या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह या स्थानीय संरक्षण भी मौजूद है?
- हाईवे और टोल प्लाजा के आसपास ट्रक चालकों से अवैध वसूली रोकने के लिए पुलिस की स्थायी निगरानी व्यवस्था क्यों नहीं है?