 |
| जबलपुर; बरगी हादसे के बाद अस्पताल में मचा प्रशासनिक अलर्ट! घायलों के बीच पहुंचे कलेक्टर Aajtak24 News |
जबलपुर - बरगी हादसे के बाद जबलपुर प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार को कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और हादसे में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत करते हुए उन्होंने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक कर घायलों के उपचार को लेकर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि मरीजों को समय पर दवाइयां, जांच और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। साथ ही परिजनों को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अलग से निगरानी व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। बरगी हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। अस्पताल प्रबंधन द्वारा घायलों के इलाज के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि सभी घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त चिकित्सा संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सीधे सवाल
-
बरगी हादसे के बाद प्रशासन अस्पताल पहुंचकर संवेदनशीलता दिखा रहा है, लेकिन क्या प्रशासन यह बताएगा कि हादसे की असली जिम्मेदारी तय करने के लिए अब तक क्या ठोस कार्रवाई हुई है?
-
क्या मेडिकल कॉलेज में इतने गंभीर हादसे के घायलों के इलाज के लिए पर्याप्त डॉक्टर, ICU बेड और आपात संसाधन पहले से उपलब्ध थे, या हादसे के बाद अचानक व्यवस्था संभालनी पड़ी?
-
हर बड़े हादसे के बाद जांच और सहायता के दावे किए जाते हैं, लेकिन क्या प्रशासन यह गारंटी देगा कि पीड़ित परिवारों को सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि समय पर मुआवजा और दीर्घकालिक सहायता भी मिलेगी?