कानून व्यवस्था और लंबित मामलों पर सख्ती: आईजी राम गोपाल गर्ग ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश Aajtak24 News

कानून व्यवस्था और लंबित मामलों पर सख्ती: आईजी राम गोपाल गर्ग ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश Aajtak24 News

बिलासपुर - रेंज में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से 29 अप्रैल 2026 को एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने की, जो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संपन्न हुई। बैठक का आयोजन रेंज स्तरीय पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय, बिलासपुर में किया गया। समीक्षा बैठक में रेंज के विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। इनमें रायगढ़ से शशि मोहन सिंह, मुंगेली से भोजराम पटेल, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही से मनोज खिलारी, कोरबा से सिद्धार्थ तिवारी, सक्ती से प्रफुल्ल ठाकुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ से आंजनेय वार्ष्णेय तथा जांजगीर-चांपा से निवेदिता पॉल उपस्थित रहीं। इसके अलावा बिलासपुर से मधुलिका सिंह और विवेक शर्मा भी बैठक में शामिल हुए।

बैठक में आईजी गर्ग ने कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि रेंज में कुल 2374 मर्ग प्रकरण लंबित हैं, जिनमें विशेष रूप से वर्ष 2024 से पहले के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए। हत्या जैसे गंभीर मामलों में डीएनए जांच और एफएसएल रिपोर्ट को तेजी से प्राप्त करने के लिए भी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। इसके अलावा, 1 मई से 10 जून तक आयोजित होने वाले ‘सुशासन तिहार’ के दौरान प्राप्त शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ हल करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आईजी ने पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को भी सरल और तेज बनाने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पासपोर्ट सत्यापन का कार्य 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन माध्यम से पूरा किया जाए, ताकि नागरिकों को थानों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए माइनिंग क्षेत्रों में कार्यरत कर्मियों की मुसाफिरी दर्ज करने, हाईवे पेट्रोलिंग को अधिक प्रभावी बनाने तथा अन्य राज्यों में जाने वाली पुलिस टीमों को निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में आईजी गर्ग ने सभी अधिकारियों को सतर्कता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत दी, ताकि आम जनता का विश्वास पुलिस व्यवस्था पर और अधिक मजबूत हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post