| रीवा;आंगनवाड़ी मढ़ी में वित्तीय साक्षरता शिविर संपन्न; ग्रामीणों को दी गई सरकारी बीमा और पेंशन योजनाओं की जानकारी |
रीवा/मुडिला - ग्राम पंचायत मुडिला के अंतर्गत ग्राम मढ़ी-816 में ग्राम पंचायत सचिव दिलीप सिंह के संयोजन में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं और सरकार की विभिन्न जन सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 'आरोह फाउंडेशन' के असिस्टेंट काउंसलर (वित्तीय साक्षरता) संतोष कुमार मिश्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती प्रितिमा चंदन कुशवाहा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर गांव के वरिष्ठ नागरिक नागेंद्र तिवारी एवं अभिराज कुशवाहा मंच पर मौजूद रहे।
केवाईसी (KYC) और नॉमिनी फॉर्म भरना है बेहद जरूरी
मुख्य अतिथि संतोष कुमार मिश्र ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में सरकार की सभी योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राही के बैंक खाते (DBT) में जाता है, इसलिए हर व्यक्ति का बैंक खाता होना अनिवार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कई बार खाते में केवाईसी, नॉमिनी का नाम या मोबाइल नंबर दर्ज न होने से राशि रुक जाती है।
केवाईसी: बैंक में जाकर अपनी केवाईसी (Know Your Customer) तुरंत मुफ्त में अपडेट करवाएं।
नॉमिनी (उत्ताराधिकारी): खाते में नॉमिनी का नाम होना बेहद जरूरी है, ताकि खाताधारक की मृत्यु के बाद परिवार को पैसा लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
मोबाइल लिंकेज: खाते में मोबाइल नंबर जरूर दर्ज कराएं ताकि हर लेनदेन की जानकारी समय पर मिलती रहे।
सरकारी बीमा और अटल पेंशन योजना के बताए लाभ
शिविर में सरकार द्वारा चलाए जा रहे जन सुरक्षा अभियान के तहत तीन प्रमुख योजनाओं की बिंदुवार जानकारी दी गई:
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY): 18 से 70 वर्ष के नागरिकों के लिए। इसमें साल भर में मात्र ₹20 का प्रीमियम कटता है और दुर्घटना मृत्यु या पूर्ण विकलांगता पर ₹2 लाख का बीमा मिलता है।
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY): 18 से 50 वर्ष तक के लोगों के लिए। इसमें साल भर में ₹436 का प्रीमियम कटता है और किसी भी कारण से मृत्यु होने पर नॉमिनी को ₹2 लाख की सहायता राशि दी जाती है।
अटल पेंशन योजना (APY): 18 से 40 वर्ष के युवाओं के लिए बुढ़ापे की लाठी है। इसमें 60 वर्ष की आयु तक आंशिक निवेश करना होता है, जिसके बाद आजीवन पेंशन मिलती है। सदस्य की मृत्यु के बाद उतनी ही पेंशन पत्नी/पति को और दोनों के न रहने पर ₹8,50,000 की बड़ी रकम बच्चों (नॉमिनी) को सौंप दी जाती है।
सरपंच ने जताया आभार, बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सरपंच प्रितिमा चंदन कुशवाहा ने कहा कि इस शिविर से ग्रामीणों को बहुत ही महत्वपूर्ण और उपयोगी जानकारियां मिली हैं। उन्होंने सभी हितग्राहियों से इन सरकारी योजनाओं से जुड़ने की अपील की। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संतोष कुमारी जैसवाल, आशा कार्यकर्ता विमला कुशवाहा, गीता तिवारी, सहायिका मीना विश्वकर्मा, छोटी प्रजापति और जल जीवन मिशन से मनीष सिंह उपस्थित रहे। साथ ही ग्रामीण जन जिनमें गायत्री कुशवाह, राजमणि कुशवाहा, हीरालाल जायसवाल, दिनेश कुशवाहा, राजू कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत सचिव दिलीप सिंह ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।