रीवा में चक्काजाम: गुढ़ के महसाव में अज्ञात ट्रैक्टर ने दंपत्ति को कुचला, पति की मौत; बेटे का सनसनीखेज आरोप Aajtak24 News

रीवा में चक्काजाम: गुढ़ के महसाव में अज्ञात ट्रैक्टर ने दंपत्ति को कुचला, पति की मौत; बेटे का सनसनीखेज आरोप Aajtak24 News

रीवा - जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत महसाव गांव के समीप शनिवार की बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ठेला संचालक की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं। लेकिन इस घटना ने उस वक्त एक बड़ा प्रशासनिक और कानूनी मोड़ ले लिया, जब मृतक के बेटे ने इसे सामान्य दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए 'सोची-समझी हत्या' का सनसनीखेज आरोप लगाया। न्याय और मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया।

दुकान बढ़ाकर घर लौट रहे थे पति-पत्नी मिली जानकारी के अनुसार, महसाव निवासी रामधनी कोल और उनकी पत्नी सियावती कोल सड़क के किनारे एक छोटा सा ठेला (दुकान) संचालित करते थे। शनिवार रात करीब 11:00 बजे दोनों अपनी दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने दोनों को बेरहमी से कुचल दिया और मौके से भाग निकला। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तुरंत संजय गांधी अस्पताल (एसजीएमएच) ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रामधनी कोल ने दम तोड़ दिया। पत्नी सियावती की हालत गंभीर बनी हुई है।

बेटे का बड़ा आरोप: "हादसा नहीं, यह मर्डर है" अस्पताल परिसर और घटना स्थल पर उस समय माहौल गर्मा गया जब मृतक रामधनी कोल के बेटे ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप मढ़े। बेटे ने बताया, "यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं है, बल्कि मेरे पिता की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या कराई गई है। पिछले एक साल से हमारे पिता को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। हमने इसकी शिकायत गुढ़ थाने में कई बार दर्ज करवाई, लेकिन पुलिस ने कभी इसे संज्ञान में नहीं लिया। अगर पुलिस समय पर जाग जाती, तो आज मेरे पिता जिंदा होते।"

शव सड़क पर रख किया चक्काजाम, मुआवजे की मांग पुलिस की कथित लापरवाही और हत्या की आशंका से आक्रोशित पीड़ित परिवार और स्थानीय ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मृतक परिवार की मांग है कि इस पूरे मामले को हत्या की धारा में दर्ज कर आपराधिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, अज्ञात ट्रैक्टर चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए।

फिलहाल, चक्काजाम की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर समझाइश देने पहुंचे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं पर बारीकी से तफ्तीश की जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post