![]() |
| मऊगंज में रूह कंपा देने वाली क्रूरता: पत्नी के प्राइवेट पार्ट में लोहे की सरिया घुसाने वाला दरिंदा पति फरार Aajtak24 News |
मऊगंज/शाहपुर - मध्य प्रदेश के नवनिर्मित जिले मऊगंज से इंसानियत और दाम्पत्य जैसे पवित्र रिश्ते को सरेआम शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। शाहपुर थाना क्षेत्र के गौरी गांव में एक कसाई बन चुके पति ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी ही २० वर्षीय पत्नी के साथ ऐसी क्रूरता की, जिसकी कल्पना मात्र से रूह कांप जाए। आरोपी ने पहले पत्नी को बेरहमी से पीटा और फिर हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसके प्राइवेट पार्ट में लोहे की सरिया जैसी घातक वस्तु घुसा दी। लहूलुहान और गंभीर हालत में पीड़िता को रीवा के संजय गांधी अस्पताल के गायनी वार्ड के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है।
वीडियो रिकॉर्डिंग बनी हैवानियत की वजह?
घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रही पीड़िता ज्योति पटेल (२०) ने पुलिस को जो बयान दिए हैं, वे किसी भी संवेदनशील इंसान की आंखों में आंसू ला दें। ज्योति की शादी २५ अप्रैल २०२५ को गौरी गांव निवासी शैलेंद्र पटेल से हुई थी। शुरुआती चंद महीनों के बाद ही पति का रंग बदलने लगा। वह अक्सर किसी दूसरी लड़की से फोन पर बात करता था।
विवाद तब और गहरा गया जब १४ मई को ज्योति ने पति की किसी अन्य युवती से बातचीत का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इस बात से बौखलाए आरोपी पति ने ज्योति का मोबाइल जमीन पर पटक कर तोड़ दिया और साक्ष्य मिटाने के लिए वीडियो व जरूरी दस्तावेज डिलीट कर दिए।
"भागती है तो भाग जा..." और फिर कर दी दरिंदगी
१७ मई की दोपहर आरोपी शैलेंद्र अपनी ही मां को गालियां दे रहा था। जब ज्योति ने इसका विरोध किया और अपना टूटा हुआ मोबाइल बनवाने की बात कही, तो आरोपी के सिर पर खून सवार हो गया। उसने ज्योति के पेट के निचले हिस्से पर दनादन लातें मारीं। जब ज्योति दर्द से कराहने लगी, तो आरोपी ने चीखते हुए कहा, "भागती है तो भाग जा" और फिर अंधेरे का फायदा उठाकर लोहे की सरिया उसके प्राइवेट पार्ट में डाल दी। इस क्रूरता के बाद ज्योति खून से लथपथ होकर तड़पने लगी। ससुराल पक्ष उसे अस्पताल ले गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रीवा रेफर कर दिया।
पंचायत की समझाइश भी नहीं आई काम
पीड़िता के पिता ने रोते हुए बताया कि दोनों के बीच विवाद इस कदर बढ़ चुका था कि बेटी मायके आ गई थी। लेकिन महज १० दिन पहले ही गांव के पूर्व सरपंच और गणमान्य लोगों की समझाइश के बाद समाज और घर बचाने की उम्मीद में बेटी को दोबारा ससुराल भेजा गया था। उन्हें क्या पता था कि समाज की यह समझाइश उनकी बेटी के लिए काल बन जाएगी।
खाकी की सक्रियता: आरोपी की तलाश जारी
इस दिल दहला देने वाले मामले में शाहपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सोमवार को आरोपी शैलेंद्र पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील और गंभीर है, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। डॉक्टरों द्वारा पीड़िता की स्थिति में सुधार और बयान के लिए फिट घोषित करते ही आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विंध्य की धरा पर घटी इस घटना ने यह बड़ा सवाल छोड़ दिया है कि आखिर बंद कमरों में सुरक्षित समझी जाने वाली आधी आबादी कब तक ऐसी विकृत मानसिकता का शिकार होती रहेगी?
