![]() |
| मुंगेली; खाद की कालाबाजारी पर सख्ती… किसानों को तय दाम पर उर्वरक देना होगा, वरना कार्रवाई तय Aajtak24 News |
मुंगेली - खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने उर्वरक आपूर्ति व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसानों को गुणवत्तायुक्त उर्वरक समय पर और निर्धारित दर पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कृषि विभाग, उर्वरक निर्माता कंपनियों और थोक विक्रेताओं के साथ विस्तृत समीक्षा की।
अतिरिक्त शुल्क पर रोक, पारदर्शी आपूर्ति पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी फुटकर विक्रेता से अतिरिक्त लदान शुल्क नहीं लिया जाएगा और उर्वरक की आपूर्ति सीधे व उचित दर पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को खाद की कमी या अधिक कीमत जैसी समस्या नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा।
कालाबाजारी पर सख्त निगरानी
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने साफ कहा कि उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और मूल्य नियंत्रण पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बैठक में बताया कि जिले में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर, कृषि विभाग के अधिकारी, उर्वरक निरीक्षक, कंपनी प्रतिनिधि और थोक विक्रेता उपस्थित रहे।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- यदि किसानों को पहले भी तय दर पर खाद मिलनी चाहिए थी, तो क्या इसका मतलब है कि अब तक वितरण व्यवस्था में कहीं न कहीं गड़बड़ी या मनमानी चल रही थी?
- कंपनियों और थोक विक्रेताओं पर अतिरिक्त शुल्क न लेने के निर्देश के बावजूद क्या प्रशासन इसके लिए कोई स्थायी ऑडिट या डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम लागू करेगा?
- उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता का दावा किया जा रहा है, लेकिन क्या प्रशासन यह सार्वजनिक करेगा कि जिले में वास्तविक मांग और आपूर्ति का अंतर कितना है?
