![]() |
| रायगढ़; सपनों के पक्के घर की चाबी हाथ में… सुशासन तिहार शिविर में 5 परिवारों की जिंदगी बदली Aajtak24 News |
रायगढ़ - सुशासन तिहार 2026 के तहत तमनार विकासखंड के ग्राम कुंजेमुरा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों के लिए उम्मीद और राहत का केंद्र बन गया। शिविर में 20 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए, जहां प्रशासन ने समस्याओं के त्वरित समाधान की पहल की। शिविर में सबसे भावुक क्षण तब सामने आया जब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत समय सीमा में अपना पक्का मकान पूरा करने वाले 5 हितग्राहियों को सम्मानित किया गया। इन हितग्राहियों को श्रीफल, गमछा और दीवार घड़ी भेंट कर उनके नए घर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
वर्षों का सपना हुआ पूरा
हितग्राहियों ने कहा कि वर्षों से पक्के मकान का सपना अब साकार हुआ है। पहले कच्चे घरों में बारिश और मौसम की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक आवास मिल रहा है। ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान और सुरक्षा देने का अभियान है।
अधूरे आवासों पर भी फोकस
प्रशासन ने उन हितग्राहियों से भी संवाद किया जिनके आवास अभी अपूर्ण या प्रारंभ नहीं हुए हैं। उन्हें जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए और आवश्यक सहयोग का आश्वासन भी दिया गया। शिविर में यह भी स्पष्ट किया गया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- क्या यह स्वीकार किया जा सकता है कि समय सीमा में मकान पूरा करने वाले केवल 5 हितग्राही थे, जबकि बाकी बड़ी संख्या में परिवार अभी भी निर्माण प्रक्रिया में अटके हुए हैं?
- यदि आवास योजना सफलतापूर्वक चल रही है, तो कई गांवों में अभी भी कच्चे मकानों की स्थिति क्यों बनी हुई है?
- क्या प्रशासन यह स्पष्ट करेगा कि अपूर्ण आवासों में देरी का कारण फंडिंग है, तकनीकी समस्या है या निगरानी की कमी?
