![]() |
| रीवा: एक्शन मोड में नए एसपी गुरुकरण सिंह, पहली ही क्राइम मीटिंग में थाना प्रभारियों की 'बत्ती गुल' Aajtak24 News |
रीवा - जिले के प्रशासनिक और पुलिस गलियारों से इस वक्त की एक बड़ी खबर आ रही है। कलेक्टर के बाद अब जिले के नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुरुकरण सिंह भी पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। पदभार ग्रहण करते ही नए एसपी ने जिले की पहली महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग (अपराध समीक्षा बैठक) ली। इस बैठक में लापरवाही बरतने वाले और कामचोर थाना प्रभारियों के पसीने छूट गए। बैठक में एसपी ने कड़े तेवर दिखाते हुए साफ कर दिया कि जिले की कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कड़े लहजे में दो टूक कहा, "मुझे सिर्फ और सिर्फ काम से मतलब है, काम तो करना ही पड़ेगा।"
रात 12 बजे तक थाने में मौजूदगी अनिवार्य, रात को ही होगी गश्त
क्राइम मीटिंग में सबसे बड़ा चाबुक उन थाना प्रभारियों पर चला है, जो शाम ढलते ही थानों से दूरी बना लेते थे या अपने घरों को भाग जाते थे। एसपी गुरुकरण सिंह ने सख्त निर्देश जारी किया है कि अब रात 12 बजे थाना प्रभारी खुद थाने में मौजूद रहकर रात्रि गश्त (पेट्रोलिंग) को रवाना करेंगे। नए कप्तान के इस आदेश का सीधा मतलब यह है कि अब सभी थाना प्रभारियों को अनिवार्य रूप से रात अपने मुख्यालय में ही बितानी होगी।
जनता को मिले राहत, अपराधियों में हो खौफ
समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने रीवा की पुलिसिंग को चुस्त-दुरुस्त और सुधारने के लिए कई अन्य कड़े दिशा-निर्देश भी जारी किए, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। नए कप्तान के इन सख्त तेवरों से जहां एक ओर सुस्त पुलिसकर्मियों की धड़कनें बढ़ गई हैं, वहीं रीवा की आम जनता ने सुरक्षा को लेकर राहत की सांस ली है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान के इन कड़े निर्देशों का जमीन पर कितना असर दिखाई देता है।
