
आलीराजपुर; राहवीर योजना को मिशन मोड में चलाने के निर्देश, सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त Aajtak24 News
आलीराजपुर - आलीराजपुर में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर नीतू माथुर ने की। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित राहत, ओवरलोडिंग नियंत्रण, अतिक्रमण हटाने और राहवीर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर नीतू माथुर ने सड़क दुर्घटना राहत प्रकरणों को प्राथमिकता से तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को निर्देशित किया कि दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत की जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया ने कहा कि राहवीर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार मिशन मोड में किया जाए। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को “गोल्डन आवर” के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क दुर्घटना की सूचना तुरंत नजदीकी अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर या पुलिस थाने को दें। बैठक में डीजे संचालकों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सभी एसडीएम और एसडीओपी को डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर उन्हें नियमों के पालन के लिए समझाइश देने को कहा। उन्होंने डीजे वाहनों पर रेडियम संकेतक लगाने और निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही ध्वनि प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कृतिका मोहटा को ओवरलोडिंग वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने और मुख्य मार्गों पर बस संचालन का आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वाहन स्टैंड और डेस्टिनेशन प्वाइंट पर नियमित जांच अभियान चलाने को कहा गया। कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करने, सब्जी और फल विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करने तथा दुकानों के पास डस्टबिन रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने शहर में स्वच्छता बनाए रखने और खुले में कचरा न फैलाने की अपील की।
यातायात थाना प्रभारी को शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और टोल नाकों के आसपास हेलमेट जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने और टोल मार्गों के पास हेलमेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया। इसके अलावा एमपीआरडीसी अधिकारियों को पोल शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री भावेल, प्रभारी नगर पालिका सीएमओ मानून खां, सीएमएचओ राजेश अतुलकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- हर सड़क सुरक्षा बैठक में हेलमेट, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों की बात होती है, लेकिन जिले में सड़क दुर्घटनाओं और मौतों के आंकड़े लगातार क्यों बढ़ रहे हैं? क्या पूर्व की बैठकों के निर्देश जमीन पर लागू हुए?
- राहवीर योजना के प्रचार-प्रसार की बात की जा रही है, लेकिन जिले में अब तक कितने लोगों को इस योजना के तहत प्रोत्साहन राशि मिली और कितने मामलों में ‘गोल्डन आवर’ में मदद वास्तव में उपलब्ध हो पाई?
- ओवरलोडिंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन क्या प्रशासन प्रभावशाली ट्रांसपोर्टरों और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त अतिक्रमणकारियों पर भी समान कार्रवाई करेगा?