धार; वन विभाग ने पकड़ी अवैध खुदाई, पोकलेन और डम्पर मौके पर जब्त Aajtak24 News

धार; वन विभाग ने पकड़ी अवैध खुदाई, पोकलेन और डम्पर मौके पर जब्त Aajtak24 News

धार - अवैध उत्खनन के खिलाफ वन विभाग ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए वन क्षेत्र में चल रही कथित अवैध खुदाई पर शिकंजा कस दिया। मुखबिर से मिली सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने रात करीब 1:30 बजे छापामार कार्रवाई कर एक पोकलेन मशीन और एक डम्पर वाहन को मौके से जब्त किया। वन मंडल अधिकारी विजयानंथम टी.आर. के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्रवाई के तहत वन परिक्षेत्र मांडव की टीम ने पीथमपुर क्षेत्र में टंट्या मामा भील चौराहे के पास स्थित क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान वन कक्ष क्रमांक 480 में कथित रूप से अवैध उत्खनन करते हुए मशीनें संचालित होती मिलीं।

वन विभाग के अनुसार मौके पर ही दोनों वाहनों को राजसात और जप्ती की कार्रवाई के तहत नियंत्रण में लिया गया। विभाग ने वाहन मालिक और चालक की पहचान भी कर ली है। जब्त मशीन और वाहन की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। वन विभाग ने संबंधित प्रकरण में वन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन और खनिज गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है तथा ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा। इस कार्रवाई में वन अमले के साथ स्थानीय पुलिस बल की भी भूमिका रही।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. यदि वन क्षेत्र में मशीनें और डम्पर देर रात तक संचालित हो रहे थे, तो क्या पहले से स्थानीय स्तर पर निगरानी व्यवस्था प्रभावी नहीं थी?

2. केवल वाहन जब्ती तक कार्रवाई सीमित रहेगी या अवैध उत्खनन से जुड़े वास्तविक लाभार्थियों, ठेकेदारों और नेटवर्क की भी जांच होगी?

3. पिछले एक वर्ष में वन क्षेत्र में अवैध उत्खनन के कितने मामले पकड़े गए और उनमें से कितनों में अंतिम दंडात्मक कार्रवाई या वसूली पूरी हुई?

Post a Comment

Previous Post Next Post