| रीवा में सनसनी: छुट्टी पर आए मैहर के पुलिस आरक्षक की शराब पार्टी के दौरान गोली मारकर हत्या Aajtak24 News |
रीवा - जिले के समान थाना क्षेत्र के गड़रिया मोहल्ले में रविवार रात एक पुलिस आरक्षक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राकेश कुमार पटेल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रीवा के रहने वाले थे और वर्तमान में मैहर जिले के रामनगर थाने में आरक्षक (कांस्टेबल) के पद पर पदस्थ थे।
मिली जानकारी के अनुसार, आरक्षक राकेश पटेल अपने बीमार बेटे की देखभाल के लिए छुट्टी लेकर गांव आए हुए थे। रविवार की रात वे परिजनों से थोड़ी देर में वापस लौटने का कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वे पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त राकेश तिवारी के घर पहुंचे, जहां दोनों के बीच शराब पार्टी चल रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में तीखी बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी राकेश तिवारी ने अपनी पिस्टल निकाली और आरक्षक राकेश की कनपटी पर सीधे गोली मार दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में परिजन घायल आरक्षक को लहूलुहान हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यदि राकेश को समय पर सही इलाज मिल जाता, तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। पीड़ित परिवार ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।