| उमरिया; फजिलगंज में शराब का ‘काला कारोबार’ बेनकाब: कमरे में बैठाकर पिलाई जा रही थी अवैध शराब Aajtak24 News |
उमरिया - जिले के फजिलगंज क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मदिरा और बीयर जब्त की है। कलेक्टर श्रीमती राखी सहाय के निर्देशन में एसडीएम बांधवगढ़ अम्बिकेश प्रताप सिंह ने शिकायत मिलने के बाद फजिलगंज पुरानी भट्टी क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की, जहां दो कमरों में अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री करते हुए लोगों को मौके पर बैठाकर शराब पिलाई जा रही थी।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने राजेश सिंह पिता वंशपति निवासी फजिलगंज को मौके पर अवैध शराब कारोबार करते हुए पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि शराब बस स्टैंड स्थित भट्टी से लाकर यहां बेची जाती थी। इस खुलासे के बाद प्रशासन अब सप्लाई नेटवर्क की भी जांच में जुट गया है।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न ब्रांड की बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की गई। जब्त सामग्री में व्हाइट फॉक्स ट्रिपल डिस्टिल वोडका, 8 पीएम व्हिस्की, इम्पीरियल ब्लू, गोवा व्हिस्की, बैगपाइपर, वी-21 वोडका और देशी प्लेन मदिरा सहित कुल 31 हजार 560 एमएल शराब और करीब 11 हजार 900 एमएल बीयर शामिल है। मौके से बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें भी बरामद हुईं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि यहां लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था।
प्रशासन ने जब्त शराब को पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसडीएम अम्बिकेश प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फजिलगंज क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें थीं, लेकिन पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई सामने आई है। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर इतने लंबे समय तक यह कारोबार प्रशासन और आबकारी विभाग की नजरों से कैसे बचा रहा।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- यदि फजिलगंज में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था, तो स्थानीय आबकारी और पुलिस विभाग अब तक कार्रवाई करने में विफल क्यों रहे?
- आरोपी ने बस स्टैंड की भट्टी से शराब लाकर बेचने की बात कही है, क्या प्रशासन इस पूरे सप्लाई नेटवर्क और संभावित मिलीभगत की भी जांच करेगा?
- मौके से भारी मात्रा में शराब और खाली बोतलें मिली हैं, क्या यह केवल एक छोटे स्तर का कारोबार था या जिले में संगठित अवैध शराब नेटवर्क सक्रिय होने की आशंका है?