| समाधान सेल की सूचना पर कार्रवाई: अवैध शराब बेचते आरोपी गिरफ्तार, 9.300 बल्क लीटर शराब जब्त Aajtak24 News |
भाटापारा - जिले में आमजन की शिकायतों और अपराध नियंत्रण के लिए संचालित “समाधान सेल” के माध्यम से पुलिस को एक और सफलता मिली है। प्राप्त सूचना के आधार पर थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने ग्राम सिंगारपुर में कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने किराना दुकान से अवैध रूप से देशी मसाला शराब बेच रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर कार्रवाई की और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग ₹5000 मूल्य की 9.300 बल्क लीटर देशी मसाला शराब जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज देवांगन (32 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगारपुर, थाना भाटापारा ग्रामीण के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस प्रशासन ने बताया कि जिले में संचालित “समाधान सेल” हेल्पलाइन (94792 20392) के माध्यम से नागरिक कॉल या व्हाट्सएप के जरिए शिकायत, सूचना अथवा आपराधिक गतिविधियों की जानकारी दे सकते हैं। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई में मदद मिल रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही इस पहल का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को मजबूत करना और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।