सारंगढ़; कनकबीरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 200 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार Aajtak24 News

सारंगढ़; कनकबीरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 200 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार Aajtak24 News

सारंगढ़-बिलाईगढ़ - जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी कनकबीरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 200 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा शराब निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर को मुखबिर से सूचना मिली कि कनकबीरा धान उपार्जन मंडी के सामने जंगल क्षेत्र में स्थित एक झोपड़ी और बाड़ी में अवैध रूप से शराब बनाई और बेची जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। जांच के दौरान वहां मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपनी पहचान सुंदरलाल मैत्री उर्फ गोलू (31 वर्ष), निवासी बस्तीपारा, ग्राम कनकबीरा के रूप में बताई। आरोपी ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री करना स्वीकार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार ड्रमों में रखी करीब 200 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई।

पुलिस ने मौके पर रखे दो-दो सौ लीटर क्षमता वाले पांच नीले ड्रमों में संग्रहित गुड़, शक्कर और महुआ से तैयार किए जा रहे किण्वित मिश्रण (पास) को भी नष्ट किया। साथ ही एक प्लास्टिक बाल्टी तथा अन्य उपकरण जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक टीकाराम खटकर सहित पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह अभियान जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post