| रायपुर; शमशान घाट के पास ‘नशे का कारोबार’: 73 टेबलेट के साथ दुर्ग का तस्कर गिरफ्तार Aajtak24 News |
रायपुर - प्रतिबंधित नशीली टेबलेट की अवैध सप्लाई पर कार्रवाई करते हुए टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने दुर्ग के एक तस्कर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 73 नशीली टेबलेट (स्पासमो और नाइट्रोसन-10) बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत लगभग 29,200 रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई गोकुल नगर स्थित शमशान घाट के पास की गई, जहां आरोपी संदिग्ध हालत में नशीली टेबलेट की बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद इलाके में घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिल तिवारी (19 वर्ष, दुर्ग) और मोहम्मद अनीश (52 वर्ष, रायपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोहम्मद अनीश पहले भी वर्ष 2025 में नशीली टेबलेट के मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है, लेकिन रिहाई के बाद वह फिर से इसी अवैध कारोबार में शामिल हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब उनके नेटवर्क, सप्लाई चैन और अन्य संभावित साथियों की जांच की जा रही है।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- बार-बार पकड़े जाने के बावजूद आरोपी दोबारा नशे के कारोबार में कैसे लौट आया—क्या जमानत और निगरानी व्यवस्था में खामी है?
- दुर्ग से रायपुर तक फैली इस सप्लाई चेन में और कौन-कौन शामिल है, और क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है?
- क्या नशीली टेबलेट की ऑनलाइन/स्थानीय सप्लाई पर स्थायी रोक के लिए कोई इंटेलिजेंस आधारित रणनीति लागू की जा रही है, या कार्रवाई सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित है?