![]() |
| सूरजपुर; 1336 आवेदन, 585 का मौके पर निपटारा… बड़सरा शिविर बना शिकायत समाधान का बड़ा मंच Aajtak24 News |
सूरजपुर - सुशासन तिहार 2026 के तहत भैयाथान विकासखंड की ग्राम पंचायत बड़सरा के हाईस्कूल मैदान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में 20 ग्रामों के लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के सामने रखीं। शिविर का आयोजन जनपद अध्यक्ष सुलोचनी पैकरा के मुख्य आतिथ्य में किया गया।
बड़ी संख्या में आवेदन, आधे से अधिक का समाधान
शिविर में कुल 1336 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 838 आवेदन पूर्व में और 498 आवेदन शिविर दिवस पर प्राप्त हुए। इनमें से अब तक 585 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जिनमें 575 मांग और 10 शिकायत संबंधी मामले शामिल हैं।
कई मामलों का मौके पर ही त्वरित समाधान कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई।
20 गांवों की भागीदारी
शिविर में शिवप्रसादनगर, बांसापारा, डबरीपारा, गंगौटी, भंवराही, खडगवां, बंजा, कुर्रीडीह, सोनपुर, बिरमताल, जूर, नावापारा, बड़सरा, बस्कर, करौन्दमुड़ा, चोपान, रगदा, कुसुमसी, सावांरावां और गोविन्दगढ़ सहित 20 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए।
योजनाओं की जानकारी और जागरूकता
अधिकारियों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। जिला और ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान प्रक्रिया की जानकारी दी। शिविर में जिला पंचायत सदस्य अखिलेश प्रताप सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- 1336 आवेदन आने के बावजूद केवल 585 का निराकरण हुआ, तो क्या बाकी मामलों के समाधान की कोई तय समयसीमा तय की गई है?
- कई मामलों का “मौके पर समाधान” बताया जा रहा है, लेकिन क्या यह समाधान स्थायी है या केवल कागजी निपटारा?
- 20 गांवों में इतनी बड़ी संख्या में समस्याएं आने का मतलब क्या है कि पहले प्रशासनिक स्तर पर योजनाओं का क्रियान्वयन कमजोर रहा है?
