![]() |
| नैनीताल में भीषण हादसा: भवालीगांव बाईपास पर गहरी खाई में गिरी अनियंत्रित कार; बच्चे समेत 5 लोगों की दर्दनाक मौत Aajtak24 News |
नैनीताल - उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां गुरुवार दोपहर को भवालीगांव बाईपास पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण सड़क हादसे में कार में सवार एक बच्चे समेत कुल पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहन उत्तर प्रदेश का बताया जा रहा है, जिसका नंबर यूपी 32 क्यूयू 1874 (UP 32 QU 1874) है।
अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा दोपहर करीब 2:15 बजे सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर भवाली स्थित ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले हुआ। महिंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा समाई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ (SDRF) और एसएसबी (SSB) की टीमों ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर तुरंत संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों समेत ड्राइवर की मौत
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीमों ने सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर मुख्य सड़क तक पहुँचाया। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। मृतकों की पहचान भूपेंद्र सिंह चुफाल (48 वर्ष), उनकी पत्नी सीमा कैड़ा चुफाल (45 वर्ष), पुत्र वासु चुफाल (19 वर्ष), पुत्र रवी चुफाल (12 वर्ष) निवासी खटीमा और कार चालक अनुज कुमार मिश्रा (34 वर्ष) निवासी लखनऊ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
इस दर्दनाक घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "नैनीताल में वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।" फिलहाल पुलिस प्रशासन दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच में जुट गया है।
