![]() |
| कटनी पुलिस का बड़ा धमाका: रेलवे ठेके के नाम पर 36 लाख की ठगी करने वाला 'बोका साहू' पन्ना से गिरफ्तार Aajtak24 News |
कटनी - ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कटनी की एनकेजे पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने व्यापार में निवेश और रेलवे का फर्जी कांट्रेक्टर बनकर लाखों की चपत लगाने वाले शातिर आरोपी को पड़ोसी जिले पन्ना से धर दबोचा है। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि न केवल आरोपी सलाखों के पीछे है, बल्कि ठगी गई पूरी रकम 36 लाख 30 हजार रुपये भी बरामद कर ली गई है।
फर्जी ठेके का जाल और 36 लाख की चपत
मामले का खुलासा तब हुआ जब एनकेजे निवासी प्रार्थी देवकीनंदन परौहा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी तुलसी राम साहू उर्फ बोका साहू (निवासी पन्ना) ने खुद को रेलवे का बड़ा कांट्रेक्टर बताया और दावा किया कि उसे ग्राम सकारिया (पन्ना) में रेलवे का बड़ा ठेका मिला है। प्रार्थी को व्यापार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर आरोपी ने छल-कपट से 36,30,000 रुपये ऐंठ लिए। जब प्रार्थी को धोखाधड़ी का अहसास हुआ, तो उसने पुलिस की शरण ली।
साइबर सेल की मदद से पन्ना में घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत की टीम ने सायबर सेल कटनी की तकनीकी मदद ली। आरोपी की लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस ने पन्ना जिले के शाहनगर के पास घेराबंदी की और 'बोका साहू' को अभिरक्षा में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी की पूरी राशि के साथ-साथ अपराध में इस्तेमाल की गई लग्जरी कार भी जब्त की है:
नकद राशि: 36 लाख 30 हजार रुपये।
वाहन: काले रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में एनकेजे थाना प्रभारी उप निरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत, नरेश झारिया, मनोज कोडापे, आरिफ हुसैन, शैलेष दमोहिया, अर्पित पटेल सहित रंगनाथनगर थाना प्रभारी अरुणपाल सिंह और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही। वहीं, सायबर सेल से अजय शंकर साकेत, अमित श्रीपाल और उनकी टीम ने तकनीकी मोर्चे पर सफलता सुनिश्चित की।

