![]() |
| छिंदवाड़ा; सिर्फ पूजा नहीं, पानी बचाने का संकल्प: गंगा दशहरा पर 315 समितियां उतरेंगी मैदान में Aajtak24 News |
छिंदवाड़ा - गंगा दशहरा के अवसर पर जल संरक्षण को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए जिले में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की तैयारी की गई है। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जन अभियान परिषद द्वारा जिलेभर में जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।अभियान के अंतर्गत नदी उद्गम स्थलों की सफाई, गहरीकरण, कुओं, हैंडपंपों, तालाबों एवं पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई के साथ पूजन और कलश यात्राएं आयोजित की जाएंगी। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार जिले की 315 ग्राम एवं नगर विकास प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से यह अभियान संचालित किया जाएगा।
गंगा दशहरा की पूर्व संध्या पर जन अभियान परिषद छिंदवाड़ा द्वारा पीजी कॉलेज छिंदवाड़ा में जल संरक्षण विषय पर परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में जिला समन्वयक अखिलेश जैन, समाजसेवी विनोद तिवारी, श्यामल राव, देवेंद्र उपासनी, डॉ. नीता मालवी, लता नागले, तृप्ति सिंह ठाकुर तथा आशीष साहू सहित अन्य प्रतिभागियों ने विचार रखे। परिचर्चा में जल संरक्षण को केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि भविष्य के जल संकट से बचने के लिए दैनिक जीवन में जल बचत और जल स्रोतों के संरक्षण की आदत विकसित करना आवश्यक है।
जन अभियान परिषद के अनुसार इस अभियान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम से जुड़े प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
1. पिछले वर्षों में जल संरक्षण अभियानों के बाद जिले में जल स्तर, जल संग्रहण या जल उपलब्धता में वास्तविक सुधार का कोई मापनीय डेटा उपलब्ध है?
2. क्या 315 समितियों के लिए केवल आयोजन का लक्ष्य तय किया गया है या उनके परिणामों का भी स्वतंत्र मूल्यांकन किया जाएगा?
3. जल स्रोतों की सफाई और पूजन के बाद उनके दीर्घकालिक संरक्षण, रखरखाव और अतिक्रमण रोकने के लिए क्या स्थायी कार्ययोजना बनाई गई है?
