![]() |
| मंडला; नर्मदा किनारे आबकारी का छापा: शराब माफिया पर कार्रवाई या सिर्फ शुरुआत? Aajtak24 News |
मंडला - अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने मंडला शहर में कार्रवाई करते हुए नर्मदा किनारे क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त कर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन तथा प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी शैली सैयाम के मार्गदर्शन में आबकारी टीम ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान नर्मदा किनारे क्षेत्र से 25 नग गोवा रम, 15 नग देशी मदिरा प्लेन तथा लगभग 2 लीटर हाथ भट्टी शराब बरामद कर जब्त की गई।
विभाग के अनुसार अवैध रूप से मदिरा विक्रय करने के आरोप में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 6 हजार 450 रुपये बताई गई है। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक सर्वेश नागवंशी, दुर्जन सिंह कुलेश, विजय कमलेश, सत्यपाल मरावी एवं शकुंतला सैयाम उपस्थित रहे।
इसी दौरान घुघरी शराब दुकान से संबंधित प्राप्त शिकायतों की भी जांच की गई। आबकारी विभाग ने दुकान का निरीक्षण कर दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जांच की तथा नियमानुसार पंचनामा कार्रवाई पूरी की। विभाग का कहना है कि शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कदम उठाए जाएंगे और अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी जारी रहेगी।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
1. यदि नर्मदा किनारे अवैध शराब का कारोबार चल रहा था, तो क्या विभाग को पहले इसकी जानकारी नहीं थी या निगरानी व्यवस्था में कहीं कमी रही?
2. जब्त शराब की मात्रा अपेक्षाकृत सीमित है—क्या यह केवल छोटे विक्रेताओं पर कार्रवाई है या पूरे सप्लाई नेटवर्क तक जांच पहुंचेगी?
3. घुघरी शराब दुकान के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद क्या जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी और दोष मिलने पर लाइसेंस संबंधी कार्रवाई भी होगी?
