![]() |
| गुना; खनन माफियाओं पर फिर चला प्रशासन का शिकंजा… रात की दबिश में 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त Aajtak24 News |
गुना - जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर खनिज विभाग ने राघौगढ़ और मकसूदनगढ़ क्षेत्र में आकस्मिक निरीक्षण अभियान चलाते हुए अवैध परिवहन में संलिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान जांच टीम को मकसूदनगढ़ क्षेत्र में दो ट्रैक्टर-ट्रॉली गिट्टी और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत का परिवहन बिना वैध दस्तावेजों के करते हुए मिली। मौके पर ही वाहनों को जब्त कर संबंधित थाना क्षेत्रों में सुरक्षित अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।
जिला खनिज अधिकारी सचिन वर्मा ने बताया कि सभी जब्त वाहनों के खिलाफ नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही संबंधित मामलों में अर्थदंड सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है। कार्रवाई में खनिज विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ निगरानी लगातार जारी रहेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश के कई जिलों में अवैध खनन को लेकर प्रशासनिक सख्ती बढ़ाई जा रही है और जिला स्तर पर विशेष निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
1. लगातार कार्रवाई के बावजूद अवैध खनन और परिवहन दोबारा कैसे शुरू हो जाता है— क्या स्थानीय स्तर पर निगरानी तंत्र में कहीं कमी है?
2. जब्त वाहनों पर अर्थदंड की बात कही जा रही है— पिछले छह महीनों में ऐसे मामलों में कितने वाहन मालिकों से वास्तव में वसूली हुई और कितनों पर अंतिम कार्रवाई हुई?
3. प्रशासन केवल परिवहन पर कार्रवाई कर रहा है या अवैध खनन के वास्तविक स्रोत और संरक्षण देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी?
