ग्वालियर दौरे पर मंत्री का अल्टीमेटम, मंडी में बुजुर्ग की बात पर तुरंत आदेश Aajtak24 News

ग्वालियर दौरे पर मंत्री का अल्टीमेटम, मंडी में बुजुर्ग की बात पर तुरंत आदेश Aajtak24 News

ग्वालियर - निरीक्षण, निर्देश और मौके पर फैसले— उप नगर ग्वालियर के दौरे में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का यही अंदाज देखने को मिला। गुरुवार को भोपाल से ग्वालियर पहुंचते ही मंत्री ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों और जनसुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को सीधे संदेश दिए। वार्ड क्रमांक 16 स्थित चंदनपुरा में निर्माणाधीन सिंधिया पार्क का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने पेविंग ब्लॉक, वाटर हार्वेस्टिंग, स्ट्रीट लाइट, ओपन जिम और सामुदायिक भवन की छत निर्माण जैसे कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

इसके बाद निर्माणाधीन नाले और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण करते समय पुराने नाले में गंदगी देखकर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि बरसात से पहले 20 दिन के भीतर सुपर सकर मशीन से पूरी सफाई दिखाई देनी चाहिए, अन्यथा जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान चंदनपुरा, न्यू चंदनपुरा और रमटापुरा क्षेत्र में सीवर लाइन, नाला और पार्क व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। विनय नगर सेक्टर-1 में सुपर सकर मशीन से चल रहे सीवर सफाई अभियान का भी निरीक्षण किया गया।

दौरे के दौरान मंत्री ने चंदनपुरा सब्जी मंडी में व्यापारियों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला ने गर्मी में ठंडे पानी की व्यवस्था की मांग रखी, जिस पर मंत्री ने मौके पर ही मंडी में वाटर कूलर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराना भी है। निरीक्षण के दौरान नगर निगम, विद्युत विभाग, पीएचई और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. हर निरीक्षण में सफाई और सीवर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जाते हैं— क्या पिछली समीक्षा बैठकों के निर्देशों के पालन की कोई सार्वजनिक रिपोर्ट उपलब्ध है?

2. 20 दिन में सफाई पूरी करने का निर्देश दिया गया— यदि समयसीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो कार्रवाई किस स्तर तक जाएगी और क्या यह जानकारी सार्वजनिक होगी?

3. विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कई नई घोषणाएं हुईं— इनके लिए बजट, स्वीकृति और कार्य पूर्ण करने की तय समयसीमा क्या है?

Post a Comment

Previous Post Next Post