| सीहोर पुलिस की बड़ी कामयाबी: बढ़ियाखेड़ी में सूने मकान को निशाना बनाने वाला शातिर चोर 24 घंटे में गिरफ्तार Aajtak24 News |
सीहोर - जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना अंतर्गत बढ़ियाखेड़ी क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक शातिर आरोपी को दबोचकर उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण और नगदी बरामद कर ली है। जब्त किए गए पूरे मशरूके की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।
तेरहवीं में गया था परिवार, पीछे से सूना मकान देखकर चोर ने बोला धावा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी कार्तिक राय (40) पिता महेश राय, निवासी बढ़ियाखेड़ी वार्ड क्रमांक 1 (सीहोर) ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे बीते 16 मई 2026 को अपने परिवार के साथ एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने हटा (दमोह) गए हुए थे। जब वे 19 मई की रात वापस लौटे, तो घर का नजारा देखकर दंग रह गए। अज्ञात चोर ने सूने मकान का फायदा उठाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के भारी जेवरात समेत 50,000 रुपये नगद पार कर दिए थे। फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने तुरंत मामले को गंभीरता से लिया और नए कानून के तहत अपराध क्रमांक 321/26, धारा 331(3) एवं 305(a) बीएनएस (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया।
कप्तान के निर्देश पर बिछा जाल, वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों से फंसा आरोपी
चोरी की इस बड़ी वारदात को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) सुश्री सोनाक्षी सक्सेना ने आरोपियों की त्वरित धरपकड़ के कड़े निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुनीता रावत एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सबसे पहले घटनास्थल का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। इसके बाद क्षेत्र के मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास के रूट के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले और तकनीकी डेटा (साइबर सेल की मदद) का गहन विश्लेषण किया। पुख्ता सबूत हाथ लगते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बढ़ियाखेड़ी क्षेत्र से ही एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली।
आरोपी का विवरण और तरीका-ए-वारदात
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी का नाम अंकित दीक्षित (22 वर्ष) पिता विजय, निवासी बिस्तरिया पूरा, जैन मंदिर रोड (आष्टा), हाल निवासी बढ़ियाखेड़ी (सीहोर) है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंकित इसी इलाके में रह रहा था और उसने पहले कार्तिक राय के सूने मकान की बाकायदा रेकी की थी। जैसे ही उसे पूरा भरोसा हो गया कि परिवार दमोह गया हुआ है और घर में कोई नहीं है, उसने ताला तोड़कर बड़ी आसानी से चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला।
16 लाख रुपये का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपी अंकित दीक्षित की निशानदेही पर शत-प्रतिशत मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित आभूषण व नगदी विधिवत जब्त की गई:
सोने के आभूषण: 01 नग सोने का हार, 01 नग सोने का मंगलसूत्र, 01 नग सोने की चेन, 04 नग सोने के कंगन, 02 नग सोने के कान के कुंडल, 01 नग सोने का टीका और 01 नग सोने की अंगूठी।
चांदी के आभूषण: 04 नग चांदी की पायल।
नगदी: ₹9,500/- नगद।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: महतवपूर्ण अंधी चोरी का महज 24 घंटे में पर्दाफाश करने वाली इस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक रवींद्र यादव, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) नवतेश राजपूत, आरक्षक विवेक दांगी, आरक्षक वीरेंद्र परमार, आरक्षक चेतन चौहान और सैनिक कमलेश परोचे की विशेष और उल्लेखनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की पीठ थपथपाई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।