सीहोर; जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सीईओ ने की विभागीय प्रगति की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश Aajtak24 News

सीहोर; जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सीईओ ने की विभागीय प्रगति की समीक्षा, दिए आवश्यक निर्देश Aajtak24 News

सीहोर - जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव द्वारा जनजातीय कार्य विभाग, जिला पंजीयक एवं सहकारी संस्थाएं, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल निगम तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचाने के आवाहन पर जिले के सभी जनपदों के जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए। इस प्रकार सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नागरिकों को ईंधन की बचत करने का संदेश दिया। 

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभागीय योजनाओं की जानकारी और आंकड़े जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आंगनबाड़ियों की व्यवस्थाएं सुदृढ़ करने और नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।  उन्होंने निर्देश दिए कि शासकीय स्कूलों में पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी नागरिकों को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने निर्देश दिए कि शासकीय छात्रावासों का समय समय पर निरीक्षण किया जाए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में जानकारी दी गई कि जनजातीय कार्य विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति एवं जनजाति विद्यार्थियों को पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा आवास सहायता योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में प्रदान किया गया। अनुसूचित जाति वर्ग के 3221 तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के 2529 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिला, वहीं आवास सहायता योजनाओं से भी हजारों हितग्राही लाभान्वित हुए। वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति बस्ती विकास योजना के तहत 23 कार्य एवं अनुसूचित जनजाति बस्ती विकास योजना के तहत 10 कार्य किए गए।  सहकारिता विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में रबी वर्ष 2025-26 में अल्पकालीन फसल ऋण वितरण लक्ष्य के विरुद्ध 103.81 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। किसानों को 557.51 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इसके साथ ही जिले की सभी 108 पैक्स समितियों में ईआरपी लॉगिन एवं गो-लाईव की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, जिससे सहकारी कार्यों में पारदर्शिता और गति आई है।

 लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जल निगम की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में स्वीकृत 332 एकल नलजल योजनाओं में से 317 योजनाओं का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष 15 योजनाओं को शीघ्र ही पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले में जल जीवन मिशन के तहत 1024 ग्रामों में पेयजल योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें बड़ी संख्या में ग्रामों में योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्थाओं की समीक्षा में बताया गया कि जिले में प्राप्त 433 शिकायतों में से 412 का निराकरण कर दिया गया है। इसके अलावा 259 हैंडपंपों में राइजर पाइप बढ़ाकर उन्हें चालू किया गया तथा 43 हैंडपंपों में मोटर पंप स्थापित किए गए। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले के 1539 शासकीय स्कूलों एवं 829 आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल गुणवत्ता परीक्षण का कार्य 100 प्रतिशत पूर्ण किया गया।

 महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना की प्रगति की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत जिले में 1403 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा और जिला पंचायत सीईओ श्रीमती सर्जना यादव ने सभी विभागों को जनहितकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने तथा विकास कार्यों में सतत प्रगति बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री जीव‍न सिंह मंडलोई सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post