![]() |
| बैतूल; घर-घर गिनती तेज! जनगणना 2027 में 2100 ब्लॉकों तक पहुंचा सर्वे, 25% काम पूरा Aajtak24 News |
बैतूल - जिले में जनगणना 2027 के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रशासन का दावा है कि फील्ड स्तर पर काम न केवल गति से बल्कि गुणवत्ता के साथ भी किया जा रहा है। डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशन और अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी वंदना जाट के मार्गदर्शन में जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे कार्य चल रहा है।
जिले में कुल 2802 हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों (HLB) में से लगभग 2100 ब्लॉकों में कार्य प्रगति पर है, जबकि करीब 700 ब्लॉकों का कार्य पूरा कर पोर्टल पर सिंक किया जा चुका है। अब तक लगभग 25 प्रतिशत जनगणना कार्य पूर्ण हो चुका है। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी नरेन्द्र कुमार गौतम, जनगणना कार्य निदेशालय से नियुक्त जिला प्रभारी भरत गौर, मास्टर ट्रेनर विनोद अड़लक सहित तकनीकी टीम ने फील्ड में पहुंचकर कार्य की समीक्षा की।
शाहपुर नगरीय चार्ज क्षेत्र में 16 एचएलबी में से 5 एचएलबी का निरीक्षण किया गया, जहां मकान नंबरिंग, नजरी नक्शा और एचएलओ ऐप में दर्ज डेटा की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किसी भी मकान या परिवार का सर्वे छूटना नहीं चाहिए और हर प्रविष्टि पूरी सावधानी से दर्ज होनी चाहिए।
जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता सर्वोपरि है और फील्ड में आने वाली तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा रहा है। प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को लगातार तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी देकर इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें, ताकि भविष्य की विकास योजनाएं मजबूत और डेटा आधारित बन सकें।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- अब तक केवल 25% कार्य पूरा होने के बावजूद प्रशासन कैसे सुनिश्चित करेगा कि 30 मई की समयसीमा में पूरी जनगणना गुणवत्ता के साथ पूरी हो जाएगी?
- फील्ड निरीक्षण में कमियां मिलने की बात कही गई, तो क्या पहले से सुपरविजन सिस्टम में कोई ढिलाई थी?
- क्या ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कुछ परिवारों के छूटने की आशंका है, और इसे रोकने के लिए विशेष निगरानी योजना क्या है?
