दुर्ग; 20 मई को दवा दुकानें बंद: प्रशासन की चेतावनी—जरूरी दवाएं आज ही लें, मरीज न रहें परेशान Aajtak24 News

दुर्ग; 20 मई को दवा दुकानें बंद: प्रशासन की चेतावनी—जरूरी दवाएं आज ही लें, मरीज न रहें परेशान Aajtak24 News

दुर्ग - ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा 20 मई 2026 को घोषित देशव्यापी दवा व्यापार बंद का असर दुर्ग जिले में भी दिखाई देगा। जिले की दवा दुकानों के बंद रहने की सूचना प्रशासन को पहले ही दे दी गई है। ऐसे में जिला प्रशासन ने नागरिकों, विशेषकर गंभीर और नियमित दवा लेने वाले मरीजों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है। कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संभावित परेशानी से बचने के लिए अपनी आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक पहले से सुनिश्चित कर लें। प्रशासन ने विशेष रूप से डायबिटीज, ब्लड प्रेशर, अस्थमा, हृदय रोग, कैंसर और मिर्गी जैसे मरीजों को समय रहते जीवनरक्षक और नियमित दवाएं खरीद लेने की सलाह दी है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में मरीज जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही आम लोगों की सुविधा के लिए सभी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र और श्री धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर्स को 20 मई को खुला रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि दवा आपूर्ति बाधित न हो। जिला प्रशासन ने दवा विक्रेता संघ से भी अपील की है कि बंद को शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाए और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। प्रशासन ने आग्रह किया है कि आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता प्रभावित न हो।

प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग और दवा विक्रेता संगठनों के बीच समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया है ताकि मरीजों को दवाइयों के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

  1. यदि दवा दुकानों के बंद होने से मरीजों के प्रभावित होने की आशंका थी, तो प्रशासन ने पहले से वैकल्पिक वितरण व्यवस्था कितनी मजबूत बनाई है?
  2. जन औषधि केंद्र और धनवंतरी स्टोर्स खुले रखने की घोषणा की गई है—क्या उनकी दवा उपलब्धता और स्टॉक की वास्तविक समीक्षा भी की गई है?
  3. ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में बंद किया जा रहा है—क्या प्रशासन ने मरीजों के हित और व्यापारिक मांगों के बीच संतुलन बनाने के लिए कोई पहल की है?

Post a Comment

Previous Post Next Post