जांजगीर; पैसा डबल’ का सपना, 18 लाख का झटका… निवेश के नाम पर भरोसा टूटा, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर; पैसा डबल’ का सपना, 18 लाख का झटका… निवेश के नाम पर भरोसा टूटा, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जल्दी मुनाफा और पैसा दोगुना करने का लालच एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। थाना पामगढ़ क्षेत्र में निवेश और पार्टनरशिप के नाम पर लगभग 18 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जमीन खरीदी-बिक्री में साझेदारी और शेयर मार्केट में निवेश कर रकम बढ़ाने का भरोसा देकर शिकायतकर्ता से बड़ी राशि हासिल की थी।

मामले के अनुसार शिकायतकर्ता कार्तिकेश्वर रात्रे ने आरोप लगाया कि आर्थिक परेशानी के दौरान आरोपी ने उन्हें निवेश पर रकम दोगुनी होने का विश्वास दिलाया। शिकायत के मुताबिक फरवरी 2025 से अप्रैल 2025 के बीच ऑनलाइन और नकद माध्यम से कुल लगभग 18 लाख रुपये दिए गए। बताया गया कि रकम की व्यवस्था करने के लिए शिकायतकर्ता ने खेत गिरवी रखा और परिचितों से भी धन जुटाया।

शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी समय-समय पर जमीन दिखाने और शेयर मार्केट में पैसा फंसे होने जैसे कारण बताता रहा, लेकिन न निवेश का लाभ मिला और न राशि वापस हुई। मामले की सूचना मिलने के बाद थाना पामगढ़ में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले दस्तावेज, वैधता और जोखिम की पूरी जांच करें तथा “पैसा डबल” जैसे दावों से सतर्क रहें।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

1. आरोपी ने निवेश के नाम पर कोई लिखित अनुबंध, रसीद, डिजिटल रिकॉर्ड या फर्जी दस्तावेज भी दिए थे या पूरा मामला केवल भरोसे पर आधारित था?

2. क्या जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि इसी तरीके से और कितने लोग कथित रूप से ठगी का शिकार हुए हैं?

3. शिकायतकर्ता द्वारा दी गई 18 लाख रुपये की राशि में से अब तक कितनी रकम ट्रेस या रिकवर की जा सकी है?

Post a Comment

Previous Post Next Post