
रीवा; गढ़ क्षेत्र में दुस्साहस: दूध वाहन चालक को रोककर बेरहमी से पीटा, 15 लीटर दूध न देने पर नगदी लूटी और तोड़ा मोबाइल Aajtak24 News
रीवा/गढ़ - रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कलवारी मोड़ के पास एक दूध वाहन चालक के साथ सरेराह मारपीट और लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक सवार बदमाशों ने गाड़ी के आगे अपनी मोटरसाइकिल अड़ाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित चालक ने गढ़ थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।
दूध देने से मना किया, तो लात-घूसों से किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मऊगंज थाने के ग्राम पोस्ट बहुती निवासी शिवा यादव (पिता राजबहोर यादव) दूध वाहन के चालक (ड्राइवर) हैं। वे गुरुवार को भटवा से गाड़ी में दूध लोड कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे कलवारी मोड़ के पास पहुंचे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात युवकों ने उनकी गाड़ी के सामने अपनी बाइक अड़ा दी और उन्हें जबरन रोक लिया। पीड़ित शिवा यादव ने बताया कि आरोपियों ने पास की एक दुकान से डालडा का 15 लीटर वाला खाली डिब्बा लाया और जबरन डिब्बा भरकर दूध मांगने लगे। जब चालक ने दूध देने से मना किया और बदमाशों द्वारा की जा रही गाली-गलौज का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच मौके पर बदमाशों के दो अन्य साथी भी आ गए और उन्होंने भी पीड़ित को जमकर पीटा।
नगदी और ड्राइविंग लाइसेंस लूटा, 18 हजार का मोबाइल तोड़ा
मारपीट के दौरान बदमाशों ने वाहन के डिस्प्ले पर रखा पीड़ित का पर्स छीन लिया। पर्स में चालक का ड्राइविंग लाइसेंस और दूध बिक्री के ₹4,800 नगद रखे हुए थे। इतने से भी जब बदमाशों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने पीड़ित के हाथ से उसका करीब ₹18,000 की कीमत का 'Realme C73' मोबाइल फोन भी छीन लिया और उसे सड़क पर पटक कर पूरी तरह तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मेडिकल स्टोर के CCTV से आरोपियों को चिन्हित करने की मांग
घटना के तुरंत बाद पीड़ित चालक ने गढ़ थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की। आवेदन में पीड़ित ने उल्लेख किया है कि जहां यह वारदात हुई, ठीक उसी घटना स्थल के पास एक मेडिकल दुकान संचालित है, जिस पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरा लगा हुआ है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से निवेदन किया है कि उक्त मेडिकल स्टोर के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों को चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाए। गढ़ पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।