रीवा का लाल बना प्रदेश का गौरव: अनुप पांडेय ने स्टेट पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड, नेशनल के लिए किया क्वालीफाई Aajtak24 News

रीवा का लाल बना प्रदेश का गौरव: अनुप पांडेय ने स्टेट पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड, नेशनल के लिए किया क्वालीफाई Aajtak24 News

रीवा - “हौसले बुलंद हों तो मंजिल खुद रास्ता बना लेती है” — इस कहावत को सच कर दिखाया है रीवा जिले के गंगतीरा (कटरा) गांव निवासी युवा खिलाड़ी अनुप पांडेय ने। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद अनुप ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और जुनून के दम पर मध्यप्रदेश पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया और जिले सहित पूरे विंध्य क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। बताया गया है कि अनुप पांडेय, पिता राधा रमण पांडेय, त्योंथर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगतीरा के निवासी हैं। उन्होंने हाल ही में आयोजित मध्यप्रदेश पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बीच अनुप ने अपने वर्ग में उत्कृष्ट ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर

अनुप की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने उन्हें न केवल राज्य स्तर पर पहचान दिलाई है, बल्कि वे अब नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई हो गए हैं। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत करियर के लिए मील का पत्थर है, बल्कि पूरे रीवा जिले और विंध्य क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता की खबर मिलते ही गांव, क्षेत्र और जिले में खुशी का माहौल बन गया। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर और फूल-मालाओं से स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

संघर्ष और समर्पण की मिसाल

ग्रामीण परिवेश में रहकर सीमित संसाधनों के बीच प्रशिक्षण लेना आसान नहीं होता, लेकिन अनुप ने कभी परिस्थितियों को अपनी राह में बाधा नहीं बनने दिया। उन्होंने नियमित अभ्यास, संतुलित दिनचर्या और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अनुप की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो खेलों में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने दी बधाई

अनुप पांडेय के स्टेट चैंपियन बनने और नेशनल के लिए चयनित होने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है। जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के उपाध्यक्ष नुपेंद्र सिंह पिंडू, सुधाकर त्रिवेदी, राजेंद्र पयासी, हरिशंकर पांडेय, पुष्पेंद्र सिंह पप्पू, संजय पांडेय, परमानंद मिश्रा, नरेंद्र पटेल, रमेश सिंह, गुलाब सिंह सहित अनेक लोगों ने अनुप की उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।

Post a Comment

Previous Post Next Post