रीवा महापौर का 'रौद्र रूप': स्वास्थ्य अधिकारी को फोन पर दी सीवेज लाइन में डालने की धमकी, वीडियो वायरल Aajtak24 News

रीवा महापौर का 'रौद्र रूप': स्वास्थ्य अधिकारी को फोन पर दी सीवेज लाइन में डालने की धमकी, वीडियो वायरल Aajtak24 News

रीवा - नगर निगम रीवा के वार्ड क्रमांक 16 अंतर्गत आने वाले आदर्श नगर में पिछले एक सप्ताह से पेयजल संकट और सीवर की गंदगी ने हाहाकार मचा रखा है। स्थिति यह है कि क्षेत्र के नलकूपों से पीने के पानी के बजाय सीवर लाइन का बदबूदार पानी निकल रहा है। जब इस गंभीर लापरवाही की जानकारी महापौर अजय मिश्रा 'बाबा' को मिली, तो वे गुरुवार सुबह दलबल के साथ खुद मोर्चा संभालने पहुंच गए।

ग्राउंड जीरो पर नदारद मिले अधिकारी

निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ नगर निगम की टेक्निकल टीम और कार्यपालन यंत्री तो मौजूद थे, लेकिन सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्था की कमान संभालने वाले स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार मौके से नदारद मिले। स्थानीय रहवासियों ने महापौर को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि शिकायतों के बावजूद न तो स्वास्थ्य अधिकारी यहाँ आते हैं और न ही सफाई कर्मी अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।

फोन पर दी 'सीवेज में गाड़ने' की धमकी

जनता का दर्द सुनकर महापौर का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने तत्काल स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार को फोन लगाया। जब अधिकारी ने फोन पर यह दावा किया कि वह लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रहे हैं, तो महापौर आग बबूला हो गए। उन्होंने भरे बाजार अधिकारी को खरी-खोटी सुनाते हुए यहाँ तक कह दिया— "अगर दोबारा झूठ बोला और जनता की समस्या हल नहीं हुई, तो तुझे इसी सीवेज लाइन में डाल दूंगा।"

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

महापौर के इस कड़क अंदाज को वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। कुछ ही घंटों में यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। वीडियो में महापौर की नाराजगी साफ देखी जा सकती है, जिससे निगम प्रशासन के भीतर हड़कंप मच गया है।

जनता में राहत, अधिकारियों में खौफ

महापौर के इस कड़े रुख के बाद आदर्श नगर के निवासियों ने राहत की सांस ली है कि शायद अब उन्हें दूषित पानी से छुटकारा मिलेगा। वहीं, इस घटना ने निगम के अन्य लापरवाह अधिकारियों को भी कड़ा संदेश दिया है कि फील्ड पर लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




Post a Comment

Previous Post Next Post