![]() |
| आईटीआई मऊगंज में गूँजा आत्मनिर्भरता का मंत्र: वित्तीय साक्षरता के जरिए छात्रों को सिखाए बैंकिंग और स्वरोजगार के गुर Aajtak24 News |
मऊगंज - शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) मऊगंज में युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से 'वित्तीय साक्षरता' कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। संस्था के प्रशिक्षण अधिकारी एसपी मिश्रा के संयोजन और प्राचार्य अविनीश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बैंकिंग, सरकारी योजनाओं और स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैंकिंग और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि और वित्तीय साक्षरता काउंसलर (आरोह फाउंडेशन) संतोष कुमार मिश्र ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंक खाता खोलने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने केवाईसी (KYC), नॉमिनी अपडेट और मोबाइल लिंकिंग की बारीकियों के साथ-साथ जन सुरक्षा अभियान की प्रमुख योजनाओं जैसे— प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, अटल पेंशन योजना और एजुकेशन लोन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यदि प्रशिक्षण के बाद नौकरी में कठिनाई आए, तो बैंक लोन लेकर स्वयं का उद्योग शुरू करें और दूसरों को भी रोजगार दें।
निशुल्क कौशल विकास और आरसेटी की भूमिका आरसेटी (RSETI) मऊगंज की डायरेक्टर मीना संखवार ने संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनकी संस्था 70 विभिन्न श्रेणियों में पूरी तरह निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करती है। इसमें सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटी पार्लर जैसे कोर्स शामिल हैं, जहाँ चाय-नाश्ता और ड्रेस की सुविधा भी मुफ्त है। उन्होंने बताया कि 18 से 45 वर्ष की आयु के बीपीएल परिवार के सदस्य इसका लाभ ले सकते हैं। प्रशिक्षण के बाद मिलने वाले प्रमाण पत्र के आधार पर बैंक से सरलता से लोन प्राप्त किया जा सकता है।
संकल्प और साइबर सुरक्षा पर जोर मुख्य अतिथि एलडीएम मऊगंज ज्योत्सना अग्रवाल ने छात्रों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि सफलता के लिए मजबूत संकल्प का होना अनिवार्य है। उन्होंने बैंक खाते में आधार और पैन लिंक करने की अनिवार्यता समझाई ताकि योजनाओं का लाभ सीधे मिल सके। साथ ही, उन्होंने वर्तमान में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के प्रति आगाह करते हुए चेतावनी दी कि किसी भी अनजान लिंक को क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी (OTP) किसी से साझा करें। उन्होंने बताया कि अब मोबाइल के जरिए भी लोन के लिए आवेदन करना संभव है, बशर्ते आपका सिबिल स्कोर (CIBIL) अच्छा हो।
ये रहे उपस्थित कार्यक्रम का सफल संचालन प्रशिक्षण अधिकारी एसपी मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विवेक सोनी, शशिकांत गौतम, पंकज पाटिल, आदित्य पांडे, जयशंकर प्रसाद, चौकीदार चिंतामणि पाल सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में संस्था के प्राचार्य अविनीश सिंह ने सभी आगंतुक अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

